Tuesday, November 3, 2026
Homeहरियाणारोहतकरोहतक में दो दिवसीय जिला युवा महोत्सव 19 नवंबर से, नशा मुक्ति...

रोहतक में दो दिवसीय जिला युवा महोत्सव 19 नवंबर से, नशा मुक्ति का संदेश देंगे युवा

रोहतक : जिला युवा महोत्सव-2026 के सफल आयोजन को लेकर नगराधीश शुभम की अध्यक्षता में अधिकारियों की बैठक आयोजित की गई। बैठक में महोत्सव के आयोजन की तैयारियों की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

नगराधीश शुभम ने कहा कि जिला युवा महोत्सव युवाओं को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने के साथ-साथ कला एवं सांस्कृतिक गतिविधियों से जुड़ने का बेहतर अवसर प्रदान करता है। इस महोत्सव का आयोजन 19 व 20 नवंबर 2026 को महर्षि दयानंद विश्वविद्यालय के टैगोर ऑडिटोरियम में किया जाएगा। इसमें 15 से 29 वर्ष आयु वर्ग के प्रतिभागी भाग ले सकेंगे। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि महोत्सव के सफल आयोजन के लिए सभी आवश्यक प्रबंध समय रहते पूरे किए जाएं। कार्यक्रम स्थल पर मंच, बैठक व्यवस्था, लाइट, साउंड तथा अन्य मूलभूत सुविधाओं की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। प्रतिभागियों के पंजीकरण, पात्रता संबंधी दस्तावेजों और कार्यक्रमों के संचालन को लेकर भी उचित प्रबंध किए जाएं।

महोत्सव के अंतर्गत लोक नृत्य, लोक गीत, चित्रकला, नुक्कड़ नाटक, कविता लेखन तथा लोक वाद्य यंत्रों से संबंधित प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। महोत्सव की सांस्कृतिक थीम ‘नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत’ रखी गई है। इसके माध्यम से युवाओं को नशे से दूर रहने तथा राष्ट्र निर्माण में सकारात्मक भूमिका निभाने का संदेश दिया जाएगा।

नगराधीश ने कहा कि सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें, ताकि महोत्सव का आयोजन सुव्यवस्थित एवं सफलतापूर्वक संपन्न हो सके। उन्होंने प्रतियोगिताओं में पारदर्शिता बनाए रखने और प्रतिभागियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध करवाने के भी निर्देश दिए। बैठक में प्राचार्य राजपाल सिंधु ने महोत्सव की रूपरेखा बारे विस्तार से जानकारी दी। बैठक में विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद थे।

RELATED NEWS

Most Popular