रोहतक। रोहतक में चोर सक्रिय है। रात को अँधेरे का फायदा उठाकर चोर एक एयरफोर्स जवान के घर में दाखिल हुए और 70 हजार रुपए कैश व अन्य सामान को चोरी करके फरार हो गए। चोरों ने घर के लोगों को गहरी नींद में करने के लिए किसी नशीली चीज का भी प्रयोग किया जिससे उनकी नींद नहीं टूटी और चोर आराम से घर को खंगाल गए। ऐसा घरवालों को शक है। मामला सांपला के गांव कसरेंटी का है। चोरी रात को उस समय हुई, जब घर पर बुजुर्ग दंपति अपनी पोती के साथ सो रहे थे। जिसके बाद मामले की शिकायत पुलिस को दे दी। पुलिस ने मामला दर्ज करके जांच शुरू कर दी।
गांव कसरेंटी निवासी वीर सिंह ने सांपला पुलिस को शिकायत देते हुए बताया कि उसका बेटा एयरफोर्स का जवान है। वह वीरवार रात को घर पर अपनी पत्नी शकुंतला व करीब 3 साल की पोती आरू के साथ सोया था। वे सुबह उठे तो उनके सिर में हल्का दर्द हो रहा था। वहीं सामान्य रात को उसकी पोती आरू उठकर दूध पीती थी। लेकिन आज रात को उसकी पोती ने रात को एक बार भी दूध नहीं मांगा। इससे आशंका है कि उन पर किसी नशीले पदार्थ का असर था। जो चोरों ने चोरी के लिए किया।
उन्होंने बताया कि वे सुबह उठकर अपने पशुओं के काम में लग गए। जब कमरों में जाकर देखा तो उनका सामान बिखरा हुआ पड़ा था। वहीं अंदर चेक किया तो पाया कि संदूक के अंदर पर्स में रखे करीब 70 हजार रुपए कैश नहीं मिले। वहीं पर्स वहां फर्श पर पड़ा हुआ था। इस चोरी का पता लगने के बाद मामले की शिकायत सांपला थाने में दे दी। वहीं पुलिस टीम ने सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचकर जांच आरंभ कर दी। शिकायत के आधार पर अज्ञात चोरों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।