Thursday, April 30, 2026
Homeमनोरंजनसुपवा में एक्टिंग सीखने वाले अजय को मिला लीड रोल : ओटीटी...

सुपवा में एक्टिंग सीखने वाले अजय को मिला लीड रोल : ओटीटी प्लेटफॉर्म पर रिलीज हुई फिल्म ‘रिश्तों की आखिरी बाजी’

रोहतक : दादा लख्मी चंद स्टेट यूनिवर्सिटी ऑफ परफॉर्मिंग एंड विजुअल आर्ट्स (डीएलसीसुपवा) के पूर्व छात्र अजय हथवाल को हिन्दी फिल्म ‘रिश्तों की आखिरी बाजी’ में प्रमुख भूमिका निभाने का मौका मिला है। यह फिल्म ओटीटी प्लेटफॉर्म हंगामा पर रिलीज हो गई है। अजय ने इसी फिल्म में सहायक निर्देशक के तौर पर भी कार्य किया है।

सुपवा की फिल्म एवं टेलीविजन फैकेल्टी के एफसी महेश टीपी ने बताया कि अजय हथवाल 2017 बैच में एक्टिंग डिपार्टमेंट के छात्र रहे। उन्होंने यहां से एक्टिंग में ग्रेजुएशन डिग्री हासिल करने के बाद मुंबई फिल्म इंडस्ट्री का रूख किया।

अजय मूल रूप से रोहतक जिले के कलानौर के पास स्थित गांव कटेसरा के रहने वाले हैं। फिल्म की शूटिंग सितंबर, 2025 के आखिरी दिनों में हुई थी। डीएलसीसुपवा के कुलगुरु डॉ अमित आर्य ने कहा कि हमारे छात्र फिल्मों में अभिनय के साथ ही फिल्म निर्माण के क्षेत्र में सराहनीय कार्य कर रहे हैं। अब वह दिन दूर नहीं, जब हर फिल्म में सुपवा के छात्र अभिनय, साउंड, प्रॉडक्शन, निर्देशन, लेखन आदि से जुड़ी कोई न कोई भूमिका निभाते जरूर नजर आएंगे।

फिल्म अभिनेता अजय हथवाल बताते हैं कि फिल्म की कहानी पति-पत्नी पर आधारित है, जिनके बीच किन्हीं कारणों से गलतफहमियों का जहर भर जाता है। इसी नफरत को खत्म करने के लिए कहानी में जग्गू का किरदार आता है, जिसे उन्होंने निभाया है।

अभिनेता अजय ने बताया कि इनके पिता मैनपाल हरियाणा पुलिस से सेवानिवृत्त हैं और मां सावित्री देवी गृहणी हैं। उन्होंने इनकी अभिनय यात्रा के दौरान पूरा साथ दिया। डीएलसीसुपवा से एक्टिंग में अपनी डिग्री पूरी करने के बाद वे फिल्मों में काम की तलाश में मुंबई पहुंच गए। अभिनय के साथ ही फिल्म लेखन व फिल्म निर्माण में भी इनकी दिलचस्पी है। अपनी अभिनय क्षमता का श्रेय ये अपने गुरुजनों को देते हैं।

RELATED NEWS

Most Popular