महंगाई की मार झेल रहे आम लोगों को अब कपड़े धोने के लिए भी ज्यादा पैसे खर्च करने पड़ेंगे। हिंदुस्तान यूनिलीवर लिमिटेड (HUL) ने अपने लोकप्रिय डिटर्जेंट ब्रांड Surf Excel, Rin और Wheel के दामों में 11 प्रतिशत तक की बढ़ोतरी कर दी है।
अलग-अलग पैक के हिसाब से कीमतों में 10 रुपये तक का इजाफा किया गया है। इससे घरेलू बजट पर अतिरिक्त बोझ पड़ना तय है।
कंपनी ने कच्चे माल की बढ़ती कीमतों और मुनाफे पर पड़ रहे दबाव को देखते हुए यह कदम उठाया है। पिछले महीने कंपनी की एमडी और सीईओ प्रिया नायर ने कहा था कि कच्चे माल की कीमतों में उतार-चढ़ाव को देखते हुए कंपनी जरूरत के मुताबिक उत्पादों की कीमतों में संतुलित बढ़ोतरी करती रहेगी। FMCG कंपनियां बढ़ती लागत के बीच अपना मुनाफा बनाए रखने के लिए लगातार कीमतों में बदलाव कर रही हैं।
Surf Excel के दाम में 10 रुपये तक की बढ़ोतरी
Surf Excel के क्विक वॉश 1 किलो पैक की कीमत 235 रुपये से बढ़ाकर 245 रुपये कर दी गई है। वहीं, 500 ग्राम का पैक 123 रुपये से बढ़कर 128 रुपये का हो गया है। ईजी वॉश 1 किलो पैक की कीमत 167 रुपये से बढ़ाकर 172 रुपये और 500 ग्राम पैक की कीमत 85 रुपये से बढ़ाकर 87 रुपये कर दी गई है।
इसी तरह Surf Excel के 250 ग्राम वाले बार की कीमत 42 रुपये से बढ़कर 45 रुपये हो गई है। चार बार के पैक (प्रत्येक 200 ग्राम) की कीमत में 10 रुपये का इजाफा किया गया है। अब यह पैक 145 रुपये के बजाय 155 रुपये में मिलेगा।
Rin और Wheel भी हुए महंगे
Rin के 500 एमएल वाले Ala पैक की कीमत 90 रुपये से बढ़ाकर 95 रुपये कर दी गई है। वहीं, 1 किलो वाले Rin पाउडर का दाम 120 रुपये से बढ़कर 123 रुपये और 500 ग्राम पैक का दाम 61 रुपये से बढ़कर 63 रुपये हो गया है।
दूसरी ओर, Wheel पाउडर के 1 किलो पैक की कीमत 90 रुपये से बढ़ाकर 93 रुपये कर दी गई है। इसका 500 ग्राम वाला पैक भी एक रुपये महंगा होकर 46 रुपये से 47 रुपये का हो गया है।
बढ़ती कीमतों से घरेलू बजट पर असर
डिटर्जेंट रोजमर्रा की जरूरत का उत्पाद है। ऐसे में इसकी कीमतों में बढ़ोतरी का असर सीधे आम परिवारों के मासिक बजट पर पड़ेगा। पहले से खाद्य पदार्थों और अन्य जरूरी वस्तुओं की बढ़ती कीमतों का सामना कर रहे उपभोक्ताओं के लिए अब कपड़ों की धुलाई भी महंगी हो गई है।

