- नितिन नवीन के दौरे पर भरे गए थे गड्ढे, कुछ ही दिन में फिर उखड़ें, दोपहिया वाहन चालकों की बढ़ी मुश्किलें
कविता.रोहतक : दिल्ली रोड पर तिलियार से आगे बाबा मस्तनाथ चौक के पास वाहन चालकों का सफर इन दिनों खतरे से खाली नहीं है। यहां मुख्य सड़क पर जगह-जगह बने गड्ढे हादसों को न्योता दे रहे हैं।
सड़क की हालत इतनी खराब है कि वाहन चालकों को संभलकर निकलना पड़ता है। खासकर दोपहिया वाहन चालकों के लिए यहां से गुजरना किसी चुनौती से कम नहीं है। हैरानी की बात यह है कि भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के रोहतक दौरे के दौरान इन गड्ढों को भरवाया गया था, लेकिन कुछ ही दिनों बाद सड़क फिर से उखड़ गई और गड्ढे दोबारा बन गए।
वीआईपी दौरे पर हुई मरम्मत, फिर वही हालात
बाबा मस्तनाथ चौक के पास सड़क की बदहाली कोई नई बात नहीं है। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के रोहतक आगमन के दौरान सड़क पर बने गड्ढों को भरवाया गया था। उस समय लगा था कि वाहन चालकों को राहत मिलेगी, लेकिन मरम्मत ज्यादा दिन तक टिक नहीं पाई। कुछ ही दिनों में सड़क फिर पहले जैसी हो गई।
सड़क कई साल से ठीक नहीं
मुख्य सड़क पर जगह-जगह गड्ढे बने हुए हैं। कहीं सड़क उखड़ी है तो कहीं ऊबड़-खाबड़ सतह वाहन चालकों को झटके दे रही है। तेज रफ्तार से आने वाले वाहनों के लिए अचानक गड्ढे सामने आना परेशानी का कारण बन रहा है। रात के समय सड़क की खराब स्थिति और ज्यादा जोखिम पैदा कर सकती है।
दोपहिया वाहन चालकों के लिए सबसे ज्यादा खतरा
सड़क की खराब हालत का सबसे ज्यादा खामियाजा बाइक और स्कूटी चालकों को भुगतना पड़ रहा है। गड्ढों से बचने के लिए वाहन चालक अचानक कट मारते हैं, जिससे पीछे से आने वाले वाहनों से टकराने का खतरा बना रहता है। संतुलन बिगड़ने पर दोपहिया वाहन चालक गिरकर चोटिल भी हो सकते हैं।
अस्थायी मरम्मत से नहीं चलेगा काम
बार-बार गड्ढे भरने के बावजूद सड़क की हालत सुधर नहीं रही है। ऐसे में सवाल उठता है कि आखिर मरम्मत के कुछ दिन बाद ही सड़क दोबारा क्यों उखड़ जाती है। वाहन चालकों की मांग है कि केवल गड्ढे भरने के बजाय सड़क की गुणवत्ता के साथ स्थायी मरम्मत करवाई जाए, ताकि रोजाना इस मार्ग से गुजरने वाले लोगों को राहत मिल सके।

