चंडीगढ़ : इनेलो के राष्ट्रीय अध्यक्ष चौधरी अभय सिंह चौटाला ने हरियाणा की भाजपा सरकार पर किसानों के साथ धोखाधड़ी करने का आरोप लगाते हुए कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के एक-एक दाना धान खरीदने के दावे पूरी तरह खोखले साबित हुए हैं। सरकार ने किसानों को दीपावली के त्योहार पर भी राहत देने की बजाय उन्हें मंडियों में धक्के खाने और अपनी फसल औने-पौने दामों पर बेचने के लिए मजबूर कर दिया।
उन्होंने कहा कि पिछले साल प्रदेश में 60 लाख मीट्रिक टन धान की खरीद हुई थी, जबकि इस साल सरकार ने खरीद का लक्ष्य ही घटाकर 58 लाख मीट्रिक टन कर दिया। इसके बावजूद अब तक महज 45 लाख मीट्रिक टन धान की खरीद हो पाई है। खरीदे गए धान के भुगतान में भी 410 करोड़ रुपये किसानों का बकाया पड़ा है। अभय सिंह चौटाला ने कहा कि कभी धान कटाई की समय सीमा, कभी प्रति एकड़ उत्पादन की शर्त, कभी मंडी आवंटन और कभी नमी की सीमा लगाकर किसानों के सामने बाधाएं खड़ी की गईं। बारिश में मंडियों में पड़ी फसल खराब होती रही, लेकिन सरकार के कानों पर जूं तक नहीं रेंगी।
उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने मंडियों में खरीद, उठान और भुगतान की व्यवस्था सुधारने के बजाय किसानों को नियमों के जाल में उलझा दिया है। यह बीजेपी सरकार का किसान विरोधी सोच का परिणाम है। अभय सिंह चौटाला ने मांग की कि किसानों का बकाया भुगतान तुरंत जारी किया जाए, शेष धान की एमएसपी पर खरीद सुनिश्चित हो और बारिश से हुए नुकसान का उचित मुआवजा दिया जाए।

