कविता.रोहतक : छठ महापर्व पर आस्था का सैलाब उमड़ने से पहले रोहतक में तैयारियों ने रफ्तार पकड़ ली है। भालोट नहर स्थित छठ घाट पर इस बार करीब 50 हजार श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है। इसे देखते हुए घाट तक आने-जाने वाले रास्तों को दुरुस्त करने के साथ आसपास सफाई अभियान शुरू कर दिया गया है। पूर्वांचल एकता सेवा समिति ने सोमवार को सैकड़ों कार्यकर्ताओं और श्रद्धालुओं के साथ श्रमदान कर अभियान की शुरुआत की।
आयोजन समिति का जोर इस बार केवल पूजा स्थल को सजाने पर नहीं, बल्कि श्रद्धालुओं के लिए सुरक्षित, स्वच्छ और व्यवस्थित माहौल तैयार करने पर है। बता दें कि छठ महापर्व 13 से 16 नवंबर तक मनाया जाएगा। 13 नवंबर को नहाय-खाय, 14 को खरना, 15 को संध्या अर्घ्य और 16 नवंबरको उषा अर्घ्य और पारण होगा। 15 नवंबर को छठ पूजा पर भालोट नहर घाट पर श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ेगी।
श्रद्धालुओं की राह से हटाई जा रही गंदगी और झाड़ियां
छठ पूजा के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु भालोट नहर घाट तक पहुंचते हैं। ऐसे में घाट के आसपास के रास्तों और खाली जगहों पर जमा कचरा तथा उगी झाड़ियां परेशानी पैदा कर सकती हैं। इसी को ध्यान में रखते हुए समिति के सदस्यों ने सफाई अभियान चलाया। कार्यकर्ताओं ने रास्तों के किनारे जमा कचरा हटाया और झाड़ियों की सफाई की। अभियान का उद्देश्य पूजा से पहले पूरे क्षेत्र को साफ-सुथरा बनाना है, ताकि श्रद्धालुओं को घाट तक पहुंचने में परेशानी न हो।
13 साल से कायम है छठ महापर्व का आयोजन
रोहतक में छठ पूजा का आयोजन अब एक बड़ी धार्मिक और सामाजिक परंपरा का रूप ले चुका है। पूर्वांचल एकता सेवा समिति पिछले करीब 13 वर्षों से भालोट नहर पर छठ महापर्व का आयोजन कर रही है। हर साल श्रद्धालुओं की संख्या बढ़ने के साथ आयोजन का दायरा भी बढ़ा है। इस बार भी समिति ने व्यापक स्तर पर तैयारियां शुरू कर दी हैं। आयोजन को भव्य बनाने के लिए घाट और आसपास के क्षेत्र में सजावट की योजना है।
व्यवस्थाएं संभालने के लिए पांच टीमें गठित
श्रद्धालुओं की संभावित भीड़ को देखते हुए समिति ने जिम्मेदारियों का बंटवारा कर दिया है। इसके लिए पांच अलग-अलग समितियां बनाई गई हैं। प्रत्येक टीम को आयोजन से जुड़ी अलग-अलग व्यवस्थाओं की जिम्मेदारी सौंपी गई है। इसका मकसद पूजा के दौरान भीड़ को नियंत्रित रखने, अनुशासन बनाए रखने और श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने में सहयोग करना है।
सामूहिक भागीदारी की अपील
समिति के प्रधान संजीव सिंह ने पूर्वांचलवासियों के साथ-साथ शहर के अन्य लोगों से भी छठ महापर्व में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की है। उनका कहना है कि यह आयोजन केवल धार्मिक आस्था तक सीमित नहीं है, बल्कि समाज को एक मंच पर लाने और आपसी भाईचारे को मजबूत करने का अवसर भी है। उन्होंने लोगों से आयोजन में सहयोग करने और श्रमदान के जरिए व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने का आह्वान किया। इस बार महापर्व पर दिल्ली बाईपास चौक से लेकर असाराम आश्रम तक भव्य सजावट की भी योजना बनाई गई है।

