बिहार: खगड़िया में शुक्रवार दोपहर एक पिकअप गाड़ी कुछ लोगों के लिए काल बनकर आई। तेज रफ्तार पिकअप वैन ने 5 लोगों को रौंद दिया जिसमें दो बच्चों की दर्दनाक मौत हो गयी और तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। ये हादसा मानसी थाना क्षेत्र के अमनी सैदापुर पथ पर हुआ है।
मिली जानकारी के अनुसार मानसी थाना क्षेत्र के अमनी सैदापुर पथ पर कुछ लोग खड़े थे। तेज रफ्तार से आ रही एक बेलगाम पिकअप गाड़ी इन लोगों को कुचलते हुए आगे निकल गई। कई लोग इस हादसे की चपेट में आ गए जिसमें दो किशोरियों की मौत हुई है। मृतकों की पहचान मोहन सदा की 13 वर्षीय पुत्री सीता कुमारी और अनर्जित की 12 वर्षीय बेटी वर्षा कुमारी के रूप में हुई है।
पुलिस ने दोनों के शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। वहीं, घायलों में सुखों सदा का पुत्र कृष्ण कुमार, मीना देवी का नाती कृष्ण कुमार, क्रांति देवी और मंतून पंडित शामिल है। जिनका इलाज अस्पताल में किया जा रहा है। इस मामले की सूचना मिलते ही मृतकों के परिजनों में कोहराम मच गया और उनका रो-रोकर बुरा हाल हो गया है।
वहीं, पिकअप गाड़ी के चालक की पुलिस तलाश कर रही है। पुलिस का कहना है कि आरोपी चालक को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।