Tuesday, November 24, 2026
Homeदिल्लीBJP और शिरोमणि अकाली दल की फिर हुई दोस्ती, 2027 का पंजाब...

BJP और शिरोमणि अकाली दल की फिर हुई दोस्ती, 2027 का पंजाब विधानसभा चुनाव मिलकर लड़ेंगे

नई दिल्ली: पंजाब की राजनीति में करीब छह साल बाद भारतीय जनता पार्टी और शिरोमणि अकाली दल (शिअद) एक बार फिर साथ आ गए हैं। दोनों दलों ने 2027 में होने वाला पंजाब विधानसभा चुनाव मिलकर लड़ने का फैसला किया है।

मंगलवार को दिल्ली स्थित भाजपा मुख्यालय में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने गठबंधन का औपचारिक ऐलान किया। इस दौरान भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन और अकाली दल के अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल मौजूद रहे।

भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष  नितिन नबीन ने कहा,पंजाब और देश के हित में एक बहुत बड़ा निर्णय हो रहा है। प्रकाश पर्व के इस अवसर पर पूरे पंजाब में विकास का, न्याय का और सुशासन का प्रकाश फैलेगा। मैं सुखबीर सिंह बादल जी को और उनकी पार्टी के सदस्यों को शुभकामनाएं देता हूं। आपका एनडीए गठबंधन में शामिल होना हमारी ताकत को बढ़ाएगा।

गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि अकाली दल आज से राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) के सहयोगी के रूप में काम करेगा। उन्होंने सुखबीर सिंह बादल और पार्टी के सभी नेताओं का गठबंधन में स्वागत किया।शाह ने कहा कि अकाली दल भाजपा का सबसे पुराना सहयोगी रहा है और उसकी वापसी से एनडीए में खुशी का माहौल है।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी अकाली दल की वापसी पर खुशी जताई है। उन्होंने खुद सुखबीर सिंह बादल को फोन कर अपनी भावनाएं व्यक्त कीं। प्रधानमंत्री ने कहा कि अकाली दल के साथ आने से एनडीए अब पूरा हो गया है।

वहीं इस मौके पर शिरोमणि अकाली दल के अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल ने गठबंधन को राजनीतिक नहीं, बल्कि भावनात्मक गठबंधन करार दिया। उन्होंने कहा कि यह गठबंधन पंजाब, देश और सिख कौम के हितों को ध्यान में रखते हुए किया गया है।

बता दें कि किसान आंदोलन और तीन कृषि कानूनों के मुद्दे पर सितंबर 2020 में अकाली दल ने भाजपा से अपना करीब दो दशक पुराना गठबंधन तोड़ लिया था। अब दोनों दलों की वापसी से पंजाब की राजनीति में नए समीकरण बनने की संभावना है। 2027 के विधानसभा चुनाव में यह गठबंधन क्या भूमिका निभाएगा, इस पर राजनीतिक हलकों की नजर रहेगी।

RELATED NEWS

Most Popular