Tuesday, November 24, 2026
Homeहरियाणारोहतकहरियाणा में गोद लिए स्कूलों का दौरा करेंगे अफसर, साल में तीन...

हरियाणा में गोद लिए स्कूलों का दौरा करेंगे अफसर, साल में तीन बार करना होगा निरीक्षण, ACR में दर्ज होगी रिपोर्ट

हरियाणा में सरकारी स्कूलों की शैक्षणिक गुणवत्ता और कार्यप्रणाली में सुधार के लिए प्रशासनिक अधिकारियों की जवाबदेही सुनिश्चित की जाएगी। मुख्य सचिव अनुराग रस्तोगी ने निर्देश दिए हैं कि क्लास-I और II के अधिकारियों की वार्षिक गोपनीय रिपोर्ट (एसीआर) में उनके द्वारा गोद लिए गए स्कूलों, स्कूलों के दौरों और निरीक्षणों का विवरण दर्ज करने के लिए एक विशेष कॉलम जोड़ा जाए। इसके लिए अधिकारियों को चालू रिपोर्टिंग वर्ष से ही निर्धारित प्रारूप में आवश्यक बदलाव करने के निर्देश दिए गए हैं।

मुख्य सचिव वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से वरिष्ठ अधिकारियों और सभी उपायुक्तों के साथ ‘स्कूल अडॉप्शन’ पहल तथा मासिक स्कूल विजिट की प्रगति की समीक्षा कर रहे थे।

उन्होंने कहा कि अधिकारियों द्वारा स्कूलों का दौरा केवल औपचारिक निरीक्षण तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि उन्हें विद्यार्थियों और शिक्षकों से संवाद कर स्कूलों के शैक्षणिक वातावरण, उपलब्ध आधारभूत सुविधाओं तथा संसाधनों के प्रभावी उपयोग का आकलन करना चाहिए।

अनुराग रस्तोगी ने निर्देश दिए कि एसीआर में जोड़े जाने वाले विशेष कॉलम में अधिकारी द्वारा गोद लिए गए स्कूल का नाम, वहां किए गए दौरों की संख्या और निरीक्षण के दौरान की गई समीक्षा का विवरण दर्ज किया जाए। इसके अतिरिक्त, अधिकारियों को अपनी वार्षिक स्व-मूल्यांकन रिपोर्ट के साथ स्कूल निरीक्षण रिपोर्ट भी संलग्न करनी होगी। मुख्य सचिव ने इस संबंध में सभी प्रशासनिक सचिवों और विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी करने को कहा।

स्तोगी ने कहा कि इस पहल का उद्देश्य अधिकारियों की नियमित भागीदारी के माध्यम से सरकारी स्कूलों की कार्यप्रणाली को बेहतर बनाना है। उन्होंने अधिकारियों को विद्यार्थियों और शिक्षकों से बातचीत करने, शिक्षण गतिविधियों की स्थिति समझने, उपलब्ध सुविधाओं के उपयोग की समीक्षा करने तथा सुधार की आवश्यकता वाले क्षेत्रों की पहचान करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि इस पहल का अंतिम उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि प्रत्येक स्कूल अपनी पूरी क्षमता के अनुरूप बेहतर ढंग से कार्य करे।

मुख्य सचिव ने यह भी निर्देश दिए कि स्कूलों का निरीक्षण निर्धारित मानक संचालन प्रक्रिया (एसओपी) के अनुसार किया जाए और निरीक्षण के दौरान सामने आए तथ्यों एवं सुझावों को उचित रूप से दर्ज किया जाए, ताकि उन पर आगे आवश्यक कार्रवाई की जा सके।

बैठक में स्कूल शिक्षा विभाग के प्रधान सचिव विजय दहिया ने बताया कि अधिकारियों से अपेक्षा है कि वे अपने द्वारा गोद लिए गए स्कूलों का साल में कम से कम तीन बार दौरा करें और निरीक्षण रिपोर्ट निर्धारित पोर्टल पर अपलोड करें। उन्होंने कहा कि एसीआर में निरीक्षण संबंधी विवरण शामिल करने से प्रशासनिक जिम्मेदारी और स्कूलों के वास्तविक सुधार के बीच बेहतर तालमेल स्थापित होगा।

RELATED NEWS

Most Popular