Tuesday, November 24, 2026
Homeउत्तर प्रदेशजीते-जी अंतिम अपनी विदाई का रजिस्ट्रेशन! चार कंधों से लेकर अस्थि विसर्जन...

जीते-जी अंतिम अपनी विदाई का रजिस्ट्रेशन! चार कंधों से लेकर अस्थि विसर्जन तक की जिम्मेदारी उठाएगी कंपनी

नई दिल्ली : बदलते पारिवारिक ढांचे और महानगरों की व्यस्त जिंदगी ने जन्म से लेकर जीवन के अंतिम पड़ाव तक कई व्यवस्थाओं का स्वरूप बदल दिया है। अब अंतिम संस्कार जैसी पारंपरिक पारिवारिक जिम्मेदारी भी धीरे-धीरे एक संगठित सेवा का रूप ले रही है।

इसकी झलक भारत अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेले (IITF) के हॉल नंबर 7A में देखने को मिल रही है, जहां मोक्ष वॉयेज (Moksh Voyage) का स्टॉल लोगों का ध्यान खींच रहा है।

इस पहल का सबसे दिलचस्प पहलू यह है कि लोग अपनी मृत्यु के बाद होने वाले अंतिम संस्कार की व्यवस्था जीवनकाल में ही सुनिश्चित करने के लिए रजिस्ट्रेशन करा रहे हैं।

कंपनी के निदेशक विश्व कंदर्प के मुताबिक, अब तक 300 से अधिक लोग पंजीकरण करा चुके हैं। इनमें बुजुर्गों का एक ऐसा वर्ग भी है, जो अपनी अंतिम विदाई की जिम्मेदारी पहले ही तय कर परिवार को संभावित परेशानियों से बचाना चाहता है।

नमो गंगे वेलनेस प्राइवेट लिमिटेड की इस पहल के तहत अंतिम यात्रा वाहन, अर्थी, लकड़ी और पूजन सामग्री, पंडित, धार्मिक अनुष्ठान, फूलों की सजावट, अस्थि संचयन और विसर्जन जैसी सेवाएं उपलब्ध कराने का दावा किया गया है। विदेश में मृत्यु होने पर पार्थिव शरीर को भारत लाने में सहायता भी शामिल है।

कंपनी के मुताबिक, इसकी सेवाएं दिल्ली-एनसीआर के अलावा वाराणसी, प्रयागराज, हरिद्वार, ऋषिकेश, उज्जैन, गया, अयोध्या, मुंबई, बेंगलुरु, चेन्नई और कोलकाता समेत कई शहरों में उपलब्ध हैं।

सेवाओं की कीमत 2,999 रुपये से शुरू होती है। अंतिम यात्रा वाहन के लिए 5,999 रुपये, सम्मान सेवा पैकेज के लिए 29,999 रुपये और मोक्ष संकल्प सेवा के लिए 1,49,999 रुपये तक का शुल्क निर्धारित किया गया है।

कंपनी आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों और लावारिस शवों के सम्मानजनक अंतिम संस्कार में मुफ्त सहायता देने का भी दावा करती है।

यह पहल एक नए सामाजिक सवाल को सामने ला रही है कि क्या आने वाले समय में अंतिम संस्कार की जिम्मेदारी भी पेशेवर सेवाओं के हवाले होती जाएगी?

RELATED NEWS

Most Popular