चंडीगढ़ : हरियाणा के मुख्य निर्वाचन अधिकारी ए. श्रीनिवास ने बताया कि 12 व 13 सितंबर को आयोजित विशेष अभियान के दौरान फॉर्म-6 के 31,816 फॉर्म-7 के 2501 व फॉर्म-8 के 16689 आवेदन प्राप्त हुए। जिसके बाद अब तक फॉर्म-6 के कुल 2,06,533 प्रपत्र, फॉर्म-7 के कुल 19,514 आवेदन प्रपत्र व फॉर्म-8 के कुल 1,49,488 आवेदन प्रपत्र प्राप्त हो चुके हैं।
उन्होंने बताया कि दावों व आपत्तियों की प्रक्रिया के अंतर्गत चलाए गए विशेष अभियान दिवस का सकारात्मक प्रभाव देखने को मिला है। अब 26 व 27 सितंबर को भी दावे एवं आपत्तियों को लेकर विशेष अभियान चलाया जाएगा। जिसमें नागरिक मतदाता सूची में नाम शामिल करवाने, नाम हटवाने, विवरण में संशोधन करवाने व दावे और आपत्तियों से संबंधित आवेदन प्रपत्र नजदीकी बीएलओ को जमा करवा सकते हैं। दावे एवं आपत्तियों से संबंधित फॉर्म जमा करवाने की आखिरी तारीख 30 सितंबर है। ऐसे में जिन भी नागरिकों को किसी तरह की कोई आपत्ति है तो वह समय रहते अपनी शिकायत दर्ज करवा सकता है।
विशेष दिवस पर बीएलओ सुबह 9 बजे से लेकर शाम 5 बजे तक अपने-अपने मतदान केंद्रों पर उपस्थित रहेंगे और पात्र मतदाताओं से दावे एवं आपत्तियां प्राप्त करेंगे। दावे एवं आपत्तियों का निपटारा 28 अक्टूबर तक होगा। सभी त्रुटियों को दूर करने के बाद मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन 6 नवंबर को होगा।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि मतदाता सूची को पारदर्शी एवं अद्यतन बनाने में नागरिकों की भागीदारी अत्यंत महत्वपूर्ण है। विशेष अभियान दिवसों का उद्देश्य अधिक से अधिक पात्र नागरिकों को प्रक्रिया से जोड़ना व उन्हें अपने मतदाता अधिकारों के संबंध में जागरूक करना है।


