Thursday, April 30, 2026
Homeहरियाणारोहतकअंगदान के लिए कुलपति डॉ. एच.के. अग्रवाल व डॉ. एस.के. सिंघल का...

अंगदान के लिए कुलपति डॉ. एच.के. अग्रवाल व डॉ. एस.के. सिंघल का समाजसेवियों ने किया अभिनंदन

Rohtak News : स्वास्थ्य मंत्री आरती राव द्वारा जगाई अंगदान की लौ को हर घर तक पहुंचाने के संकल्प के साथ गुरुवार को भाजपा शिक्षा प्रकोष्ठ के पूर्व जिला संयोजक दिनेश मुद्ग़ल, समाजसेवी कर्मवीर सैनी, भाजपा जिला शिक्षा प्रकोष्ठ के जिला सह संयोजक रविंदर और रिटायर्ड सेना अधिकारी उमेद सिंह ने पंडित भगवत दयाल शर्मा स्वास्थ्य विज्ञान विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. एच.के. अग्रवाल और निदेशक डॉ. एस.के. सिंघल को शॉल ओढ़ाकर व स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया।

यह सम्मान पीजीआईएमएस द्वारा मात्र एक माह में 3 ब्रेन डेड मरीजों से अंगदान करवाकर 19 लोगों को नया जीवन देने के ऐतिहासिक कार्य के लिए दिया गया। समारोह में अंगदान-महादान के नारे गूंजे।

इस अवसर पर दिनेश मुद्ग़ल ने कहा कि हमारी माननीय स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव द्वारा अंगदान जैसे महान कार्य को लेकर पूरे प्रदेश में जो जागरूकता मुहिम चलाई जा रही है, उसमें रोहतक भी बढ़-चढ़ कर हिस्सा लेगा। हमारा संकल्प है कि हर गांव, हर वार्ड, हर स्कूल में जाकर अधिक से अधिक लोगों को अंगदान की शपथ दिलाएंगे। मंत्री आरती राव जी के प्रयासों से ही 2 साल से ना के बराबर हो रहे अंगदान की यह मुहिम फिर से जगी है। दिनेश मुदगिल ने कहा कि जल्दी ही मंत्री आरती राव जी के रोहतक आगमन पर या स्वयं चण्डीगढ़ जाकर इस नेक मुहिम के लिए हम उन्हें सम्मानित करेंगे, क्योंकि उन्होंने मृत्यु को भी महोत्सव बनाने का रास्ता दिखाया है। रोहतक की धरती दानवीरों की धरती है, अब इसे अंगदान की राजधानी बनाएंगे। दिनेश मुदगिल ने कहा कि एक किडनी जो आर्मी हॉस्पिटल गई है और किसी सैनिक के लिए काम आई उससे पूरा प्रदेश गौरवान्वित हुआ है, जिसके लिए वे डॉ अग्रवाल को तहे दिल से बधाई देते हैं।

समाजसेवी कर्मवीर सैनी ने कहा कि हम स्वास्थ्य मंत्री आरती राव जी का तहे दिल से आभार व्यक्त करते हैं जिन्होंने अंगदान जैसे महान कार्य को 2 साल बाद फिर से शुरू करने के लिए चिकित्सकों को प्रोत्साहित किया। आज पीजीआईएमएस में डॉ एच के अग्रवाल की टीम जो कर रही है, वह सिर्फ इलाज नहीं, ईश्वर का काम है। हमने अपनी आंखों से देखा है कि कैसे एक परिवार ने अपना दुख भूलकर दूसरों को जीवन दिया। हम प्रण लेते हैं कि इस मुहिम को जन-आंदोलन बनाएंगे। हर चौपाल, हर मंदिर, हर सामाजिक मंच से अंगदान का संदेश देंगे।

भाजपा जिला शिक्षा प्रकोष्ठ के जिला सह संयोजक रविंदर ने कहा कि हम आज कुलपति डॉ. एच.के. अग्रवाल और उनकी पूरी टीम को सम्मानित करने पहुंचे हैं, जिन्होंने 1 माह में 3 परिवारों को प्रेरित कर अंगदान करवाया और 19 लोगों की जान बचाने का महान कार्य किया है। इसके लिए हम सभी को शत-शत नमन करते हैं और सभी पुण्यात्मा दानियों को श्रद्धांजलि देते हैं। डॉ. अग्रवाल के नेतृत्व में पीजीआईएमएस ने दिखा दिया कि इच्छाशक्ति हो तो हेलीकॉप्टर से किडनी भेजकर भी जीवन बचाया जा सकता है। यह टीम हरियाणा का गौरव है। हम शिक्षा प्रकोष्ठ के माध्यम से सभी स्कूल-कॉलेजों में अंगदान शपथ कार्यक्रम चलाएंगे।

यह ड्यूटी नहीं, सेवा है : डॉ. एच.के. अग्रवाल

सम्मान ग्रहण करने के बाद कुलपति डॉ. एच.के. अग्रवाल ने कहा कि यह सम्मान मेरा नहीं, उन 3 परिवारों का है जिन्होंने अपने कलेजे के टुकड़े को खोने के बाद भी दूसरों के बारे में सोचा। यह सम्मान मेरी पूरी चिकित्सकों की टीम, ट्रांसप्लांट टीम, नर्सिंग स्टाफ का है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी ने मन की बात में अंगदान की चर्चा कर देश में चेतना जगाई है। उनकी बात सुनकर ही हजारों लोगों में जिज्ञासा जगी। डॉ एच के अग्रवाल ने बताया कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी जी के सहयोग और स्वास्थ्य मंत्री आरती राव जी के मार्गदर्शन और से ही हम यह मुहिम चला पा रहे हैं। डॉ अग्रवाल ने कहा कि अंगदान तभी संभव है जब हम अपनी ड्यूटी को ड्यूटी न समझ कर एक सेवा समझें। यह सबसे बड़े पुण्य का कार्य है। डॉ अग्रवाल ने कहा कि याद रखिए कफन में जेब नहीं होती, पर आपके अंग किसी की जिंदगी की पूंजी बन सकते हैं। स्वास्थ्य मंत्री आरती राव जी का लक्ष्य है– हरियाणा को अंगदान में नंबर-1 बनाना, जिसके लिए हमारी टीम अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदान करेगी।

निदेशक डॉ. एस.के. सिंघल ने कहा कि एक डॉक्टर के नाते मैं रोज देखता हूं कि समय पर एक अंग न मिलने से कैसे 22 साल का नौजवान भी डायलिसिस पर जिंदगी काटता है। आपका एक फैसला 8 परिवारों में खुशी ला सकता है। मौत सबको आनी है, लेकिन अंगदान से आप 8 बार जी सकते हैं। डॉ सिंघल ने कहा कि हमने हेलीकॉप्टर से किडनी भेजकर दिखाया है कि हरियाणा किसी से कम नहीं।

इस अवसर पर कुल सचिव डॉक्टर रूप सिंह , डीन डॉक्टर अशोक चौहान,डीन एकेडमिक अफेयर डॉक्टर एमजी वशिष्ठ ,चिकित्सा अधीक्षक डॉक्टर कुंदन मित्तल, डेंटल कॉलेज के प्राचार्य डॉक्टर मनु राठी, जनसंपर्क विभाग के इंचार्ज डॉ वरुण अरोड़ा सहित सभी अधिकारी उपस्थित रहे।

RELATED NEWS

Most Popular