रोहतक : उपायुक्त सचिन गुप्ता ने नागरिकों का आह्वान किया है कि वे जिला में बढ़ते तापमान और भीषण गर्मी के चलते लू (हीट वेव) से बचाव के लिए स्वास्थ्य विभाग द्वारा जारी हिदायतों का पालन करें। लू (हीट वेव) से खतरा लगातार बढ़ रहा है, जिसका स्वास्थ्य पर गंभीर प्रभाव पड़ सकता है।
उन्होंने कहा है कि गर्मी के मौसम में शरीर को हाइड्रेट रखना अत्यंत आवश्यक है, इसलिए दिनभर पर्याप्त मात्रा में पानी और तरल पदार्थों का सेवन करें, भले ही प्यास महसूस न हो।
सचिन गुप्ता ने कहा है कि नागरिक स्वास्थ्य विभाग द्वारा जारी सावधानियों का पालन करें और गर्मी के इस मौसम में अपनी तथा अपने परिवार की सेहत का विशेष ध्यान रखें। उन्होंने कहा है कि नागरिक हल्के, ढीले एवं सूती वस्त्र पहनें और घर से बाहर निकलते समय सिर को ढककर रखें। तेज धूप में विशेषकर दोपहर 12 बजे से 4 बजे के बीच अनावश्यक रूप से बाहर जाने से बचें। यदि बाहर जाना आवश्यक हो तो अपने साथ पानी अवश्य रखें और छायादार स्थानों का अधिक से अधिक उपयोग करें।
उपायुक्त सचिन गुप्ता ने कहा है कि अधिक तली-भुनी और मसालेदार खाद्य पदार्थों से परहेज करें तथा चाय, कॉफी और अन्य कैफीन युक्त पेय का अत्यधिक सेवन न करें, क्योंकि इससे शरीर में पानी की कमी हो सकती है। उन्होंने विशेष रूप से बच्चों, बुजुर्गों एवं बीमार व्यक्तियों का ध्यान रखने की अपील की है। क्योंकि ये वर्ग लू के प्रति अधिक संवेदनशील होते हैं। साथ ही धूप में खड़े बंद वाहनों में बच्चों या पालतू जानवरों को छोड़ना अत्यंत खतरनाक हो सकता है।
सिविल सर्जन डॉ. रमेश चन्द्र ने कहा है कि लू लगने पर तेज बुखार, चक्कर आना, उल्टी, सिरदर्द, अत्यधिक कमजोरी या बेहोशी जैसे लक्षण दिखाई दे सकते हैं। ऐसी स्थिति में प्रभावित व्यक्ति को तुरंत ठंडी जगह पर लिटाकर उसके शरीर को ठंडा करने का प्रयास करें और बिना देरी किए नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र में चिकित्सकीय सहायता उपलब्ध कराएं।

