रोहतक : सतप्रिया ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस में Amazon Web Services (AWS) के सहयोग से एक ज्ञानवर्धक एवं महत्वपूर्ण सेमिनार का आयोजन किया गया। इस अवसर पर AWS की विशेषज्ञ टीम ने संस्थान में शिरकत की और बी.टेक. कंप्यूटर साइंस एंड इंजीनियरिंग (CSE) के विद्यार्थियों को आधुनिक वेब सर्विसेज एवं क्लाउड टेक्नोलॉजी के संबंध में विस्तृत जानकारी प्रदान की।
AWS टीम के सदस्यों ने उपस्थित विद्यार्थियों को बताया कि Amazon Web Services की विभिन्न सेवाएं उनके तकनीकी ज्ञान, कौशल विकास तथा भविष्य के करियर में किस प्रकार सहायक सिद्ध हो सकती हैं। विद्यार्थियों ने पूरे उत्साह एवं ध्यानपूर्वक टीम के विशेषज्ञों द्वारा दी गई जानकारी को समझा और इस अवसर का भरपूर लाभ उठाया।
सेमिनार के दौरान AWS टीम ने विद्यार्थियों की एक विशेष आईडी बनाकर उन्हें विभिन्न टास्क एवं प्रशिक्षण गतिविधियां भी प्रदान कीं, ताकि विद्यार्थी इन वेब सर्विसेज का व्यावहारिक रूप से उपयोग कर अपने कौशल को और अधिक विकसित कर सकें। टीम ने विद्यार्थियों के भविष्य के करियर एवं प्लेसमेंट के अवसरों में सहयोग करने की भी अपनी तत्परता व्यक्त की।
विद्यार्थियों ने इस सेमिनार की सराहना करते हुए इसे अपने भविष्य के लिए अत्यंत उपयोगी बताया तथा इस प्रकार के ज्ञानवर्धक कार्यक्रम आयोजित करने के लिए संस्थान की प्रबंधन समिति का आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर Amazon की ओर से विद्यार्थियों को उपहार भी वितरित किए गए।
इस महत्वपूर्ण सेमिनार में ट्रस्ट के चेयरमैन मुकेश आर्य, मैनेजिंग डायरेक्टर साहिल आर्य, इंजीनियरिंग कॉलेज की प्रिंसिपल डॉ. डोली ढल, बी.एड. कॉलेज की प्रिंसिपल डॉ. मंजू बधवार, फार्मेसी कॉलेज की प्रिंसिपल डॉ. मीनाक्षी मरवाहा तथा संस्थान के सभी शिक्षकगण उपस्थित रहे।


