- अंतिम स्टेप पर पहुंचते ही बंद हो रही वेबसाइट
- सीबीएसई की मांग से अभिभावकों की बढ़ी चिंता
कविता.रोहतक : हरियाणा सरकार की सरल साइट इन दिनों लोगों के लिए सुविधा की बजाय परेशानी का सबब बन गई है। पिछले 5-6 दिनों से वेबसाइट ठीक से काम नहीं कर रही है। खासकर जन्म प्रमाण पत्र के आवेदन में दिक्कत आ रही है। आवेदन की प्रक्रिया पूरी करते-करते जब लोग अंतिम स्टेप पर पहुंचते हैं तो वेबसाइट अचानक बंद हो जाती है या हैंग हो जाती है। ऐसे में सीएससी पर पहुंच रहे अभिभावक घंटों प्रयास के बावजूद अपना काम नहीं करवा पा रहे हैं। परेशानी इसलिए भी बढ़ गई है क्योंकि सीबीएसई की ओर से बच्चों के ऑनलाइन जन्म प्रमाण पत्र मांगे जा रहे हैं।
अंतिम स्टेप और साइट बंद
सीएससी संचालक कुलदीप शर्मा ने बताया कि सरल साइट पर पहले से रजिस्टर्ड जन्म प्रमाण पत्र के लिए ऑनलाइन आवेदन करते समय प्रक्रिया लगभग पूरी हो जाती है, लेकिन अंतिम चरण में पहुंचने के बाद वेबसाइट बंद हो जाती है। कई बार साइट की गति इतनी धीमी हो जाती है कि आगे की प्रक्रिया ही पूरी नहीं हो पाती। लगातार प्रयास करने के बावजूद आवेदन सबमिट नहीं हो रहे हैं।
मैनुअल जन्म प्रमाण पत्र ऑनलाइन कराने में भी अड़चन
जिन लोगों के जन्म प्रमाण पत्र पहले मैनुअल तरीके से बने हुए हैं, उन्हें ऑनलाइन कराने में भी परेशानी आ रही है। वेबसाइट के ठीक से काम नहीं करने के कारण सीएससी केंद्र संचालक आवेदन आगे नहीं बढ़ा पा रहे हैं। इससे पुराने जन्म प्रमाण पत्रों को ऑनलाइन कराने वाले लोगों को बार-बार केंद्रों के चक्कर लगाने पड़ रहे हैं।
सीबीएसई की मांग और साइट का बुरा हाल
इन दिनों बच्चों के दस्तावेजों से जुड़े काम में ऑनलाइन जन्म प्रमाण पत्र की जरूरत पड़ रही है। सीबीएसई की ओर से ऑनलाइन जन्म प्रमाण पत्र मांगे जाने के कारण अभिभावक सीएससी पर पहुंच रहे हैं, लेकिन साइट की तकनीकी समस्या के चलते उनका काम नहीं हो पा रहा। अभिभावकों अशोक जांगड़ा अधिवक्ता, विष्णु जांगड़ा अधिवक्ता समेत अन्य लोगों ने बताया कि जरूरी दस्तावेज के लिए उन्हें परेशान होना पड़ रहा है।
तकनीकी खामियां दूर कर तेज हो
सीएससी संचालक की ओर से संबंधित विभाग को ईमेल के माध्यम से भी समस्या की जानकारी दी जा चुकी है। लोगों ने संबंधित विभाग से मांग की है कि सरल साइट की तकनीकी खामियों को जल्द दूर किया जाए। वेबसाइट की स्पीड बढ़ाने के साथ सर्वर और अन्य तकनीकी समस्याओं को ठीक किया जाए, ताकि आवेदन करते समय साइट बार-बार हैंग या बंद न हो और लोगों के जरूरी सरकारी काम समय पर पूरे हो सकें।

