जापान में चल रहे एशियन गेम्स में हरियाणा के खिलाड़ियों के शानदार प्रदर्शन पर हरियाणा सरकार के खेल एवं युवा अधिकारिता राज्य मंत्री गौरव गौतम ने खिलाड़ियों को बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने कहा कि हरियाणा के खिलाड़ी अपनी मेहनत, प्रतिभा और जज्बे के दम पर अंतरराष्ट्रीय खेल मंच पर प्रदेश और देश का नाम रोशन कर रहे हैं। खिलाड़ियों की इन उपलब्धियों से पूरे हरियाणा में उत्साह और गर्व का माहौल है।
प्रतियोगिता के मुकाबलों में रोहतक की सुचिका तारियाल ने मिक्स्ड मार्शल आर्ट्स (एमएमए) में भारत के लिए ऐतिहासिक कांस्य पदक हासिल किया है, जो एमएमए के एशियन गेम्स में शामिल होने के बाद भारत का पहला पदक है। सुचिका ने अपने शानदार प्रदर्शन से न केवल देश का मान बढ़ाया है बल्कि हरियाणा की खेल प्रतिभा का भी लोहा मनवाया है।
ये भी देखें- क्या बोलीं सुचिका तारियाल….
वहीं, जींद के निशानेबाज हिमांशु ढिल्लों ने अपने जन्मदिन को देश के लिए यादगार बनाते हुए निशानेबाजी में दो रजत पदक अपने नाम किए हैं। उनकी इस उपलब्धि पर खेल मंत्री ने कहा कि हिमांशु ने यह साबित कर दिया है कि हरियाणा के युवा किसी भी अंतरराष्ट्रीय मंच पर देश का गौरव बढ़ाने की क्षमता रखते हैं।
दीपिका का रहा शानदार प्रदर्शन
हरियाणा की हॉकी खिलाड़ी दीपिका सहरावत ने भी एशियन गेम्स में शानदार प्रदर्शन करते हुए भारतीय महिला हॉकी टीम के मुकाबले में अकेले 8 गोल दागे हैं, जिसे भारतीय हॉकी के लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि के तौर पर देखा जा रहा है।

