Rohtak News : रोहतक शहर को स्वच्छ, सुंदर और प्रदूषण मुक्त बनाने के लिए नगर निगम ने स्वच्छता नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्ती तेज कर दी है। निगम की टीमों ने विभिन्न क्षेत्रों में निरीक्षण के दौरान सार्वजनिक स्थानों पर गंदगी फैलाने वालों के 16 चालान किए और 3900 रुपये का जुर्माना लगाया। इसके साथ ही लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करने के लिए अभियान भी चलाया जा रहा है।
नगर निगम आयुक्त सत्येन्द्र दुहन ने बताया कि निगम की टीमें शहर के अलग-अलग क्षेत्रों में नियमित निरीक्षण कर रही हैं। इस दौरान सार्वजनिक स्थानों पर कूड़ा डालने और स्वच्छता नियमों की अवहेलना करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है।
उन्होंने बताया कि निगम की टीम ने कूड़ा उठाने वाली एजेंसी के ड्राइवरों को भी स्वच्छता के प्रति जागरूक किया। उन्हें निर्देश दिए गए कि कूड़ा निर्धारित स्थान तक पहुंचाते समय विशेष सावधानी बरतें और वाहनों में कूड़े को अच्छी तरह ढककर ले जाएं, ताकि रास्ते में सड़कों, गलियों और सार्वजनिक स्थानों पर कूड़ा न गिरे। उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि किसी वाहन से कूड़ा गिरता हुआ पाया गया या उसके माध्यम से गंदगी फैलती है तो संबंधित ड्राइवर और एजेंसी के खिलाफ चालान, जुर्माना सहित नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
आयुक्त ने बताया कि निगम की टीमें विभिन्न क्षेत्रों में जागरूक नागरिकों के साथ-साथ स्कूलों में जाकर विद्यार्थियों को भी स्वच्छता का संदेश दे रही हैं। विद्यार्थियों और नागरिकों को समझाया जा रहा है कि स्वच्छता केवल सफाई कर्मचारियों या नगर निगम की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की सामूहिक जिम्मेदारी है।
नगर निगम आयुक्त सत्येन्द्र दुहन ने आमजन से अपील की कि वे कूड़ा केवल कूड़ा एकत्रित करने वाले वाहनों में ही डालें, सार्वजनिक स्थानों पर गंदगी न फैलाएं, कूड़े में आग लगाने से बचें और सिंगल यूज प्लास्टिक का प्रयोग न करें। उन्होंने कहा कि जनभागीदारी से ही रोहतक शहर को स्वच्छ और सुंदर बनाया जा सकता है। स्वच्छता नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई और जन-जागरूकता अभियान भविष्य में भी लगातार जारी रहेंगे

