Wednesday, August 26, 2026
Homeहरियाणारोहतकमहंगे सोने-चांदी ने बदला राखी का बाजार, इस बार कम हो सकती...

महंगे सोने-चांदी ने बदला राखी का बाजार, इस बार कम हो सकती है ‘कीमती’ राखियों की मांग

  • रिकॉर्ड भाव ने बदला ग्राहकों का रुख, हल्की और कम कीमत वाली राखियों की बढ़ी मांग
  • कारोबारियों को पिछले साल से भी कम बिक्री की आशंका

कविता.रोहतक : रक्षाबंधन का त्योहार तीन दिन बाद 28 अगस्त को है। बाजारों में रंग-बिरंगी राखियों की दुकानें सज चुकी हैं और भाई-बहन के इस पर्व को लेकर खरीदारी भी शुरू हो गई है। हालांकि, इस बार सोने और चांदी की राखियों की चमक महंगाई के आगे फीकी पड़ती नजर आ रही है। सोने का भाव करीब 1 लाख 63 हजार 970 रुपये प्रति 10 ग्राम और चांदी करीब 2 लाख 47 हजार 540 रुपये प्रति किलोग्राम तक पहुंच गई है। ऐसे में सोने-चांदी से बनी राखियां आम खरीदार की पहुंच से दूर होती जा रही हैं।

पिछले साल भी महंगी धातुओं के कारण इन राखियों की मांग में कमी देखी गई थी। इस बार कीमतें और ऊंचाई पर होने के चलते दुकानदारों को बिक्री पिछले साल के मुकाबले भी कम रहने की आशंका है। राखी बाजार में सोने-चांदी की राखियां अब मुख्य रूप से ऐसे ग्राहक खरीद रहे हैं, जो इन्हें पारंपरिक राखी के बजाय उपहार और यादगार वस्तु के तौर पर देख रहे हैं।

सोने की कीमत बढ़ी तो राखी का बजट भी बढ़ा

सोने के भाव में पिछले कुछ वर्षों में हुई तेजी का असर राखियों पर साफ दिखाई दे रहा है। वर्ष 2020 में सोने की कीमत करीब 48 हजार 651 रुपये के आसपास थी। वर्ष 2024 में यह बढ़कर करीब 80 हजार 249 रुपये पहुंच गई। दिसंबर 2025 के अंत तक सोना करीब 1 लाख 33 हजार रुपये तक पहुंच गया था। अब अगस्त 2026 में इसका भाव करीब 1 लाख 61 हजार से 1 लाख 63 हजार 970 रुपये तक बताया जा रहा है। सोने की कीमत बढ़ने के साथ ही सोने की राखियों की लागत भी बढ़ गई है। कारोबारियों का कहना है कि पहले ग्राहक राखी में सोने की थोड़ी मात्रा भी लगवाने को तैयार रहते थे, लेकिन अब वजन कम कराने या सोने के बजाय दूसरी धातु और डिजाइन वाली राखी लेने पर जोर दिया जा रहा है।

चांदी ने भी बढ़ाई परेशानी

चांदी की कीमतों में भी तेजी ने राखी कारोबारियों की चिंता बढ़ा दी है। वर्ष 2024 में चांदी करीब 78 हजार से 89 हजार 700 रुपये प्रति किलोग्राम तक पहुंची थी। वर्ष 2025 में इसमें तेज उछाल आया और भाव 2 लाख रुपये प्रति किलोग्राम के पार निकल गया। अगस्त 2026 तक चांदी करीब 2 लाख 47 हजार 540 रुपये प्रति किलोग्राम के स्तर तक पहुंच चुकी है। चांदी की राखियां अपेक्षाकृत सस्ती होने के कारण पहले मध्यम वर्ग के खरीदारों के बीच भी लोकप्रिय थीं। मगर मौजूदा भाव में इनकी कीमत भी इतनी बढ़ गई है कि ग्राहक खरीदने से पहले कई बार सोच रहे हैं। दुकानदार अब हल्की राखियां और कम वजन वाले डिजाइन अधिक रखने लगे हैं।

ग्राहक डिजाइन चाहते हैं, वजन नहीं

राखी बाजार में ग्राहकों की पसंद भी बदल रही है। सोने या चांदी की राखी खरीदने वाले ग्राहक अब ज्यादा वजन वाली राखी के बजाय हल्के और आकर्षक डिजाइन को प्राथमिकता दे रहे हैं। कई लोग धातु की राखी के बजाय ऐसी राखियां खरीद रहे हैं, जिनमें सोने-चांदी की हल्की सजावट हो। व्यापारियों का कहना है कि रक्षाबंधन नजदीक आने पर बिक्री में तेजी की उम्मीद है, लेकिन इस बार महंगी धातुओं की कीमत के कारण बिक्री का पैटर्न पिछले वर्षों जैसा नहीं रहने वाला।

महिलाओं ने बताया बाजार का बदलता रुख

सोने की कीमत इतनी बढ़ गई है कि त्योहार पर सोने की राखी खरीदना सामान्य परिवार के बजट में नहीं आता। उनके मुताबिक अब ऐसी राखी लेना ज्यादा बेहतर है, जिसमें डिजाइन अच्छा हो और कीमत कम हो। – सीमा जैन, गृहिणी।

पहले भाई के लिए चांदी की राखी लेने का विचार आसानी से किया जा सकता था, लेकिन इस बार चांदी के भाव सुनकर बजट बदलना पड़ा। वह कहती हैं कि त्योहार पर खुशी जरूरी है, महंगी राखी नहीं। नेहा देवी, रोहतक।

सोने-चांदी की राखियां देखने में आकर्षक जरूर हैं, लेकिन बढ़ती कीमत के कारण ग्राहक वजन और कीमत दोनों पूछकर ही खरीदारी कर रहे हैं। उनके परिवार में भी इस बार हल्की और कम कीमत वाली राखी लेने की योजना है।-पूजा वर्मा, गृहिणी।

राखी भावनाओं का त्योहार है। महंगाई के दौर में लोग महंगी धातु की राखी के बजाय अच्छी पैकिंग और सुंदर डिजाइन वाली राखियों को तरजीह दे रहे हैं। उनके मुताबिक सोने-चांदी की राखियों की मांग पूरी तरह खत्म नहीं होगी, लेकिन खरीदारों की संख्या निश्चित रूप से सीमित रहेगी।-रितु मलिक, शिक्षिका।

सोना हुआ करीब साढ़े तीन गुना

2020 में सोने का भाव करीब 48,651 रुपये था। 2024 में यह करीब 80,249 रुपये तक पहुंचा। दिसंबर 2025 में सोना करीब 1.33 लाख रुपये और अगस्त 2026 में करीब 1.61 लाख से 1.63 लाख 970 रुपये तक पहुंच गया।

चांदी की कीमत में जबरदस्त उछाल

2024 में चांदी करीब 78 हजार से 89,700 रुपये प्रति किलो के बीच रही। 2025 में भाव 2 लाख रुपये प्रति किलो के पार चला गया। अगस्त 2026 में चांदी करीब 2.47 लाख रुपये प्रति किलो तक पहुंच चुकी है।

RELATED NEWS
spot_img

Most Popular