कुरुक्षेत्र पुलिस ने नशीले पदार्थों की तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए गांजा रखने के आरोप में चार महिलाओं सहित पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। एंटी नारकोटिक सेल की टीम ने गांधी नगर, थानेसर निवासी प्रवीन कुमार सहित चार महिलाओं मंगों, कमला, पालो और ममता को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 25 किलो 470 ग्राम गांजा बरामद किया है, जिसकी कीमत करीब 13 लाख रुपये बताई गई है।
जानकारी देते हुए पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि 24 नवंबर 2026 को एंटी नारकोटिक सेल प्रभारी उप निरीक्षक सतविन्द्र सिंह के मार्गदर्शन में सहायक उप निरीक्षक सुशील कुमार, बलदेव कुमार, मुख्य सिपाही नवीन कुमार, नसीब सिंह, महिला मुख्य सिपाही वीना, महिला सिपाही एकता और गाड़ी चालक मुख्य सिपाही प्रवीन कुमार की टीम अपराध की तलाश में गांव चंद्रभानपुरा मोड़ पर मौजूद थी।
इसी दौरान पुलिस टीम को सूचना मिली कि गांधी नगर, थानेसर निवासी कुछ महिलाएं गांजा बेचने का काम करती हैं। वे आज पिकअप चालक प्रवीन कुमार निवासी गांधी नगर, थानेसर के साथ दिल्ली से भारी मात्रा में गांजा लेकर नीलोखेड़ी और अमीन गांव के रास्ते गांधी नगर, कुरुक्षेत्र जाने वाली हैं। सूचना में बताया गया कि यदि गांव अमीन के पास नाकाबंदी कर पिकअप गाड़ी की तलाशी ली जाए तो भारी मात्रा में गांजा बरामद हो सकता है।
सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने गांव अमीन के पास नाकाबंदी शुरू कर दी। कुछ समय बाद गांव अमीन की तरफ से एक पिकअप गाड़ी आती दिखाई दी। पुलिस टीम ने गाड़ी को रुकवाकर चालक को काबू किया। पूछताछ में उसने अपना नाम प्रवीन कुमार निवासी गांधी नगर, थानेसर बताया।
गाड़ी में सवार चारों महिलाओं को भी पुलिस ने काबू कर लिया। पूछताछ में उनकी पहचान मंगों, कमला, पालो और ममता निवासी गांधी नगर, थानेसर कुरुक्षेत्र के रूप में हुई।
पुलिस टीम ने पिकअप गाड़ी की तलाशी ली तो उसमें रखे एक कट्टे से 25 किलो 470 ग्राम गांजा बरामद हुआ। पुलिस के अनुसार बरामद गांजे की कीमत करीब 13 लाख रुपये है।
पुलिस ने पांचों आरोपियों के खिलाफ थाना केयूके में मामला दर्ज किया गया है। इसके बाद आरोपियों को अदालत में पेश किया गया।

