Wednesday, November 25, 2026
HomeदेशCM नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में उच्चस्तरीय प्रतिनिधिमंडल जाएगा यूके और...

CM नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में उच्चस्तरीय प्रतिनिधिमंडल जाएगा यूके और जर्मनी दौरे पर

  • 28 नवंबर से 5 दिसंबर तक प्रमुख उद्योगपतियों, वैश्विक निवेशकों, प्रतिष्ठित विश्वविद्यालयों और अनुसंधान संस्थानों के साथ होंगी महत्वपूर्ण बैठकें

चंडीगढ़ : हरियाणा में वैश्विक निवेश को बढ़ावा देने और प्रदेश को अंतरराष्ट्रीय औद्योगिक एवं निवेश मानचित्र पर और अधिक सशक्त पहचान दिलाने के उद्देश्य से सीएम नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में एक उच्चस्तरीय प्रतिनिधिमंडल 28 नवंबर से 5 दिसंबर, 2026 तक यूनाइटेड किंगडम (यूके) और जर्मनी के दौरे पर रहेगा। इस दौरान प्रतिनिधिमंडल प्रमुख वैश्विक कंपनियों, निवेशकों, प्रतिष्ठित विश्वविद्यालयों, अनुसंधान एवं प्रौद्योगिकी संस्थानों तथा विभिन्न क्षेत्रों के प्रतिनिधियों के साथ व्यापक विचार-विमर्श करेगा। प्रतिनिधिमंडल में उद्योग एवं वाणिज्य मंत्री श्री राव नरबीर सिंह सहित विभाग के वरिष्ठ अधिकारी भी शामिल रहेंगे।

उद्योग एवं वाणिज्य विभाग के आयुक्त एवं सचिव डॉ. अमित कुमार अग्रवाल ने बताया कि हरियाणा सरकार प्रदेश को वैश्विक निवेश के प्रमुख केंद्र के रूप में स्थापित करने के लिए निरंतर प्रयासरत है। इसी दिशा में पहले भी मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में उच्चस्तरीय प्रतिनिधिमंडल जापान, सिंगापुर और स्वीडन का दौरा कर चुका है। इन दौरों के दौरान विभिन्न कंपनियों के साथ निवेश, औद्योगिक सहयोग और साझेदारी को लेकर एमओयू पर हस्ताक्षर किए गए हैं और लगभग 10 हजार करोड़ रुपये से अधिक के महत्वपूर्ण प्रस्तावों पर निवेश के लिए सहमति बनी है। इसी कड़ी में अब प्रतिनिधिमंडल यूनाइटेड किंगडम (यूके) और जर्मनी के दौरे पर जा रहा है।

व्यापार, निवेश, शिक्षा, AI और स्वच्छ ऊर्जा के क्षेत्र में सहयोग बढ़ाने पर होगा फोकस

डॉ. अमित कुमार अग्रवाल ने बताया कि यूके दौरे के दौरान प्रतिनिधिमंडल विभिन्न बिजनेस लीडर्स, वैश्विक निवेशकों और उद्योग जगत के प्रतिनिधियों के साथ संवाद करेगा। इसके अतिरिक्त, सी.आई.आई. के प्रतिनिधिमंडल के साथ भी हरियाणा में निवेश की संभावनाओं और औद्योगिक सहयोग के विभिन्न पहलुओं पर चर्चा की जाएगी। मुख्यमंत्री हरियाणा मूल के प्रवासी भारतीयों से भी संवाद करेंगे और उन्हें प्रदेश की विकास यात्रा से जुड़ने तथा हरियाणा में निवेश के माध्यम से राज्य की आर्थिक प्रगति में सहभागी बनने के लिए आमंत्रित करेंगे।

उन्होंने बताया कि 30 नवंबर और 1 दिसंबर को मुख्यमंत्री विभिन्न प्रमुख उद्योगों, कंपनियों और शैक्षणिक संस्थानों के प्रतिनिधियों के साथ वन-टू-वन बैठकें करेंगे। इसके साथ ही भारत-यूके व्यापक आर्थिक एवं व्यापार समझौते (CETA) के अंतर्गत विभिन्न क्षेत्रों में व्यापार एवं निवेश की संभावनाओं को लेकर विशेष राउंडटेबल बैठकें आयोजित की जाएंगी।

मुख्यमंत्री इस दौरान यूनिवर्सिटी ऑफ कैम्ब्रिज के सेंटर फॉर साइंस एंड पॉलिसी के प्रतिनिधियों के साथ भी संवाद करेंगे। इसके अलावा, यूनिवर्सिटी ऑफ ऑक्सफोर्ड में अध्ययनरत भारतीय विद्यार्थियों से संवाद कर उनके अनुभवों, विचारों और हरियाणा के विकास में उनकी संभावित भूमिका पर चर्चा करेंगे। मुख्यमंत्री क्वीन्स एलिजाबेथ स्कूल, बार्नेट का भी दौरा करेंगे।

लंदन में अंतरराष्ट्रीय गीता जयंती महोत्सव में शामिल होंगे मुख्यमंत्री, वैश्विक मंच पर गूंजेगा गीता का संदेश

डॉ. अमित कुमार अग्रवाल ने बताया कि लंदन में अंतरराष्ट्रीय गीता जयंती महोत्सव का भी विशेष आयोजन किया जाएगा, जिसमें मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी विशेष रूप से हिस्सा लेंगे। इस अवसर पर हरियाणा की समृद्ध सांस्कृतिक एवं आध्यात्मिक विरासत और धर्मक्षेत्र-कुरुक्षेत्र के महत्ता को वैश्विक मंच पर प्रदर्शित किया जाएगा। साथ ही, श्रीमद्भगवद्गीता के सार्वभौमिक संदेश—कर्म, कर्तव्य और मानव कल्याण—को विश्वभर में प्रसारित करने तथा भारतीय संस्कृति और आध्यात्मिक परंपराओं को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान दिलाने पर विशेष बल दिया जाएगा।

जर्मनी में हरियाणा का स्टेट रोड-शो, निवेशकों और प्रमुख कंपनियों के साथ होंगी मैराथन बैठकें

डॉ. अमित कुमार अग्रवाल ने बताया कि जर्मनी दौरे के दौरान 2 दिसंबर को हरियाणा स्टेट रोड-शो आयोजित किया जाएगा। इस रोड-शो के माध्यम से हरियाणा की मजबूत औद्योगिक आधारभूत संरचना, निवेश अनुकूल नीतियों, बेहतर कनेक्टिविटी, कुशल मानव संसाधन और निवेश की व्यापक संभावनाओं को अंतरराष्ट्रीय निवेशकों के समक्ष प्रस्तुत किया जाएगा। निवेशकों एवं उद्योग जगत के प्रतिनिधियों को हरियाणा सरकार की उद्योग एवं निवेश प्रोत्साहन नीतियों की जानकारी दी जाएगी। साथ ही, विभिन्न कंपनियों और निवेशकों को हरियाणा में निवेश करने तथा औद्योगिक इकाइयां स्थापित करने के लिए आमंत्रित किया जाएगा।

उन्होंने बताया कि 3 दिसंबर को मुख्यमंत्री जर्मनी के प्रतिष्ठित अनुसंधान एवं प्रौद्योगिकी संस्थान फ्राउनहोफर के प्रतिनिधियों के साथ बैठक करेंगे। इस बैठक में हरियाणा में प्रस्तावित सेंटर ऑफ एक्सीलेंस की स्थापना को लेकर विस्तृत चर्चा होगी। इस संबंध में समझौता ज्ञापन (MoU) पर भी हस्ताक्षर किए जाएंगे। प्रस्तावित सेंटर में माइक्रोइलेक्ट्रॉनिक्स और एनर्जी स्टोरेज जैसे अत्याधुनिक एवं रणनीतिक महत्व के क्षेत्रों पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। इससे हरियाणा में अनुसंधान, नवाचार, तकनीकी विकास और उद्योगों के बीच सहयोग को नई दिशा मिलने की उम्मीद है।

इसी प्रकार, 4 और 5 दिसंबर को मुख्यमंत्री जर्मनी की विभिन्न प्रमुख कंपनियों, उद्योगपतियों और संभावित निवेशकों के साथ वन-टू-वन बैठकें करेंगे। इन बैठकों के माध्यम से हरियाणा में निवेश की संभावनाओं, औद्योगिक सहयोग और दीर्घकालिक व्यावसायिक साझेदारी के नए अवसरों पर चर्चा की जाएगी।

RELATED NEWS

Most Popular