Punjab News: भ्रष्टाचार के प्रति पंजाब सरकार की जीरो टॉलरेंस नीति को दोहराते हुए मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने आज कहा कि मानवता के खिलाफ ऐसे जघन्य अपराध के लिए किसी भी अधिकारी या राजनेता को, चाहे वह कितना भी प्रभावशाली क्यों न हो, बख्शा नहीं जाएगा।
लोगों को दिए अपने संदेश में मुख्यमंत्री ने कहा कि आज की कार्रवाई ने एक बार फिर साबित कर दिया है कि भ्रष्टाचार के खिलाफ जंग में दोस्त-पराया में कोई फर्क नहीं है। उन्होंने कहा कि सत्ताधारी पार्टी का हिस्सा होने या विपक्ष से जुड़े होने से किसी अधिकारी या नेता को भ्रष्टाचार करने का लाइसेंस नहीं मिल जाता। उन्होंने कहा कि सरकार ने ऐसे लोगों के खिलाफ अनुकरणीय कार्रवाई की है। भगवंत सिंह मान ने कहा कि भ्रष्टाचार में किसी भी तरह की मिलीभगत बर्दाश्त नहीं की जाएगी तथा ऐसा पाप करने वाले को किसी भी हालत में बख्शा नहीं जाएगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उन्होंने वर्ष 2022 में कार्यभार संभाला है और तब से भ्रष्टाचार के खिलाफ लड़ाई लड़ी जा रही है। भगवंत सिंह मान ने कहा कि हमने लोगों को गारंटी दी है कि सरकार में भ्रष्टाचार बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और इसमें शामिल लोगों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि हमारी व्यवस्था भ्रष्टाचार से भरी हुई है और जो लोग भ्रष्ट आचरण में लिप्त हैं, वे करदाताओं का पैसा बर्बाद करते हैं।
कोरोना की आशंका को देखते हुए उत्तराखंड सरकार अलर्ट मोड पर
मुख्यमंत्री ने कहा कि यह लड़ाई किसी व्यक्ति विशेष के खिलाफ नहीं बल्कि भ्रष्ट व्यवस्था के खिलाफ है। उन्होंने कहा कि भ्रष्टाचार समाप्त होने तक यह लड़ाई जारी रहेगी। भगवंत सिंह मान ने कहा कि अगर सरकार की तानाशाही के कारण व्यापारी व दुकानदार सरेआम लूटे जा रहे हैं तो ऐसे मौकों पर सरकार चुप नहीं बैठ सकती। उन्होंने कहा कि कुछ अधिकारियों के साथ मिलीभगत करके प्रभावशाली राजनेताओं द्वारा निर्दोष लोगों को ब्लैकमेल करना तथा उनसे फिरौती मांगना किसी भी हालत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
लोगों से भ्रष्टाचार विरोधी अभियान का अभिन्न अंग बनने का आह्वान करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार भ्रष्ट तत्वों के खिलाफ उनकी शिकायतों पर सख्त कार्रवाई करेगी। उन्होंने कहा कि यदि कोई भ्रष्ट उद्देश्यों के लिए उनके काम में अनावश्यक देरी या बाधाएं उत्पन्न करता है तो आम आदमी को आगे आकर उनके खिलाफ शिकायत करनी चाहिए। राज्य सरकार उनके खिलाफ निर्णायक कार्रवाई करेगी। भगवंत सिंह मान ने कहा, “हमारे लिए भ्रष्ट तो भ्रष्ट ही है, चाहे हमारा हो या किसी और का, और मैं वादा करता हूं कि मेरी सरकार ऐसे किसी भी व्यक्ति को नहीं बख्शेगी जिसके हाथ भ्रष्टाचार से रंगे हों।”