Punjab News: लुधियाना पश्चिम से आम आदमी पार्टी के विजेता संजीव अरोड़ा ने विधायक के रूप में शपथ ली। विधानसभा अध्यक्ष कुलतार सिंह संधवां ने संजीव अरोड़ा को शपथ दिलाई। इस अवसर पर आम आदमी पार्टी के मनीष सिसोदिया, प्रिंसिपल बुधराम, अमन अरोड़ा, हरपाल सिंह चीमा सहित कई अन्य वरिष्ठ नेता मौजूद थे।
लुधियाना में 19 जून को हुए उपचुनाव में आम आदमी पार्टी के उम्मीदवार संजीव अरोड़ा ने कांग्रेस उम्मीदवार भारत भूषण आशु को 10,637 वोटों से हराया। संजीव अरोड़ा ने आज चंडीगढ़ विधानसभा में मुख्यमंत्री भगवंत मान की मौजूदगी में विधायक के रूप में शपथ ली।
स्पीकर कुलतार सिंह संधावा ने अरोड़ा को शपथ दिलाई। संजीव अरोड़ा ने शपथ लेते हुए कहा – मैं, संजीव अरोड़ा, पंजाब विधान सभा के सदस्य के रूप में निर्वाचित होकर, सत्यनिष्ठा से शपथ लेता हूँ कि मैं विधि द्वारा स्थापित भारत के संविधान के प्रति सच्ची श्रद्धा और निष्ठा रखूंगा।
मैं, संजीव अरोड़ा, भारत की संप्रभुता और अखंडता को बनाए रखूंगा। मैं जो दायित्व ग्रहण करने जा रहा हूं, उसे पूरी निष्ठा से पूरा करूंगा। शपथ लेने के बाद संजीव अरोड़ा ने स्पीकर संधावा, प्रदेश अध्यक्ष अमन अरोड़ा और मनीष सिसोदिया से हाथ मिलाया।
गौरतलब है कि उपचुनाव के प्रचार के दौरान आप सुप्रीमो अरविंद केजरीवाल ने घोषणा की थी कि अगर संजीव अरोड़ा जीतते हैं तो वह उन्हें मंत्रिमंडल में जगह देंगे। अब देखना यह है कि अरोड़ा कब मंत्री पद की शपथ लेंगे।
यह भी पढ़ें: 4 गुना अधिक कार्बन डाईऑक्साइड सोखने वाले हेम्प वेस्ट से बन रही बायो-प्लास्टिक
शपथ ग्रहण समारोह से एक दिन पहले संजीव अरोड़ा अपने परिवार के साथ आप सुप्रीमो अरविंद केजरीवाल से मिलने दिल्ली गए थे। उन्होंने इस संबंध में ट्विटर पर अपने परिवार के साथ एक तस्वीर भी साझा की है।