Plane Crash: अहमदाबाद में हुए प्लेन क्रैश में हरियाणा की एक महिला की भी मौत हो गई है। महिला का नाम अंजू शर्मा जिनकी उम्र करीब 55 साल है।
अंजू कुरुक्षेत्र जिले के रामसरन माजरा गांव की रहने वाली थीं। लेकिन फिलहाल वो अपने परिवार के साथ गुजरात के वडोदरा में रह रही थीं। अंजू की बेटी लंदन में रहती है जिनसे वो मिलने के लिए जा रही थीं। टेक ऑफ से पहले उन्होंने हरियाणा में अपने बीमार पिता से वीडियो कॉल पर बात की थी। बताया जा रहा है कि 10 दिन पहले अंजू माता-पिता से मिलने कुरुक्षेत्र आईं थी।
उन्होंने पिता से कहा था कि लौटने के बाद वो उनसे मिलने जरूर आएंगी। लेकिन शायद अंजू और उनके पिता को नहीं पता था कि ये उनकी आखिरी बात होगी। ये आखिरी काल होगी जब पिता-पुत्री बात कर रहे है। एक दुसरे को दूर से ही सही लेकिन देख पा रहे है।
बता दें कि गुरुवार दोपहर को अहमदाबाद में एअर इंडिया का बोइंग 787 ड्रीमलाइनर प्लेन क्रैश हो गया। इसमें 12 क्रू मेंबर समेत 242 लोग सवार थे। अब तक हादसे में केवल एक व्यक्ति के बचने की बात सामने आई है। बाकी सभी लोगों की मौत हो गई है।
हादसे के बाद मौक पर जले हुए शव निकाले जा रहे है, ऐसे में परिजनों को अपनों की तलाश करने में भी काफी समस्या हो रही है। अंजू शर्मा के माता-पिता अभी भी गांव रामसरन माजरा में ही रहते हैं।
अंजू के भाई मिलन शर्मा फिल्म डायरेक्टर हैं और वो भी वडोदरा में ही रहते हैं। दोनों बेटियां शादीशुदा, पति की मौत हो चुकी अंजू की शादी 1990 में पंजाब के पटियाला के अलाना गांव के पवन शर्मा से हुई थी। लेकिन करीब 4 साल पहले उनकी भी मौत हो गई थी।
अंजू के चाचा के लड़के वैभव शर्मा ने बताया कि 10 दिन पहले अंजू अपने पिता जगदीश शर्मा और माता संतोष से मिलने के लिए गांव आईं थीं।