रोहतक : पंडित भगवत दयाल शर्मा स्वास्थ्य विज्ञान विश्वविद्यालय, रोहतक (PGIMS) अपने 5वें दीक्षांत समारोह का भव्य आयोजन 23 मई 2026 को करने जा रहा है। इस समारोह में हरियाणा के राज्यपाल एवं विश्वविद्यालय के कुलाधिपति प्रो. असीम कुमार घोष मुख्य अतिथि के तौर पर उपस्थित रहेंगे और मेधावी विद्यार्थियों को डिग्री एवं स्वर्ण पदक प्रदान कर सम्मानित करेंगे।
कुलपति प्रो. डॉ. एच.के. अग्रवाल ने बताया कि इस दीक्षांत समारोह में विभिन्न संकायों के कुल 941 विद्यार्थियों को स्नातक, स्नातकोत्तर की उपाधियाँ प्रदान की जाएंगी और 7623 स्क्रॉल पर हस्ताक्षर होंगे । इसके साथ ही उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले 68 मेधावी छात्रों को पदक से अलंकृत किया जाएगा। इनमें 51 पदक पोस्ट ग्रेजुएट छात्रों को और 17 पदक अंडर ग्रेजुएट छात्रों को प्रदान किए जाएंगे। डॉ. अग्रवाल ने कहा कि दीक्षांत समारोह किसी भी विद्यार्थी के जीवन का सबसे गौरवशाली क्षण होता है। यह वर्षों की मेहनत, त्याग और समर्पण का उत्सव है। यह पल न सिर्फ विद्यार्थी बल्कि उसके माता-पिता और गुरुजनों के लिए भी ताउम्र यादगार बन जाता है। यूएचएस अपने हर छात्र को विश्वस्तरीय चिकित्सक और संवेदनशील इंसान बनाने के लिए प्रतिबद्ध है। डाॅ. एच.के. अग्रवाल ने कहा कि मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी जी और स्वास्थ्य मंत्री श्रीमती आरती राव जी के मार्गदर्शन में विश्वविद्यालय निरंतर नई ऊंचाइयों को छू रहा है।
कुलपति डॉ. अग्रवाल ने सभी योग्य पूर्व विद्यार्थियों से अपील की कि 16 मई 2026 की शाम 5 बजे तक विश्वविद्यालय की आधिकारिक वेबसाइट डब्लू डब्लू डॉट यूएचएसआर डॉट एसी डॉट इन पर अनिवार्य रूप से अपना ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन करवा लें। उन्होंने स्पष्ट किया कि बिना रजिस्ट्रेशन के किसी भी छात्र को दीक्षांत समारोह में डिग्री प्राप्त करने की अनुमति नहीं होगी। दीक्षांत समारोह से संबंधित ड्रेस कोड, रिहर्सल की तिथि, समय और स्थान सहित संपूर्ण दिशा-निर्देश विश्वविद्यालय की वेबसाइट पर अपलोड कर दिए गए हैं। डॉ. अग्रवाल ने बताया कि यदि किसी विद्यार्थी को रजिस्ट्रेशन या अन्य किसी प्रक्रिया में कोई समस्या आती है तो वह सीधे परीक्षा नियंत्रक को मेल करके अपनी समस्या का समाधान प्राप्त कर सकता है। विश्वविद्यालय प्रशासन हर छात्र की सहायता के लिए तत्पर है।
कुलपति डाॅ.एच.के. अग्रवाल ने जानकारी दी कि इस भव्य आयोजन को सफल और व्यवस्थित बनाने के लिए विभिन्न समितियों का गठन कर दिया गया है। इनमें रजिस्ट्रेशन कमेटी, मंच संचालन कमेटी, डिग्री वितरण कमेटी, अनुशासन कमेटी, मीडिया समन्वय कमेटी, चिकित्सा एवं सुरक्षा कमेटी सहित विभिन्न समितियां शामिल हैं। आज विश्वविद्यालय में इन सभी कमेटियों के अध्यक्षों एवं सदस्यों के साथ बैठक आयोजित की गई।
उन्होंने कहा कि यूएचएस का लक्ष्य सिर्फ डिग्री देना नहीं, बल्कि समाज को नैतिक मूल्यों से परिपूर्ण डॉक्टर देना है। कुलसचिव डाॅ. रूपसिंह ने बताया कि डॉ. अग्रवाल ने बैठक में सभी कमेटियों को उनके दायित्व सौंपे गए और आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए। हमारा पूरा प्रयास है कि 23 मई का दीक्षांत समारोह अनुशासित, गरिमामय और यादगार बने। राज्यपाल महोदय के आगमन को देखते हुए सुरक्षा, प्रोटोकॉल और व्यवस्था के उच्चतम मानकों का पालन किया जाएगा। डाॅ. रूपसिंह ने कहा कि दीक्षांत समारोह में भाग लेने वाले सभी विद्यार्थियों के लिए रिहर्सल 22 मई को अनिवार्य होगी।
इस अवसर पर कुलसचिव डाॅ. रूप सिंह, डीन एकेडमिक अफेयर्स डाॅ. एम.जी. वशिष्ठ, डीन डाॅ. अशोक चौहान, चिकित्सा अधीक्षक डाॅ. कुंदन मित्तल, डीन छात्र कल्याण डाॅ. सविता सिंघल, परीक्षा नियंत्रक डाॅ. सुखदेव चांदला, प्राचार्य डाॅ. मन्नू राठी, डाॅ. मंजूनाथ, जनसंपर्क विभाग के इंचार्ज डाॅ. उमेश यादव सहित विभिन्न कमेटियों के सदस्य उपस्थित रहे।

