Tuesday, May 19, 2026
Homeहरियाणारोहतकअब बाइक नहीं, साइकिल चलानी पड़ेगी, महंगे तेल पर फूटा लोगों का...

अब बाइक नहीं, साइकिल चलानी पड़ेगी, महंगे तेल पर फूटा लोगों का गुस्सा

कविता. रोहतक : पेट्रोल और डीजल की कीमतों में लगातार हो रही बढ़ोतरी ने आम आदमी की जेब पर बड़ा असर डालना शुरू कर दिया है। मंगलवार को फिर पेट्रोल और डीजल की कीमतों में 90 पैसे प्रति लीटर की बढ़ोतरी हो गई। चार दिन के अंदर दूसरी बार दाम बढ़ने से लोग परेशान नजर आ रहे हैं। शुक्रवार को ही पेट्रोल और डीजल करीब 3 रुपये प्रति लीटर महंगे हुए थे और अब फिर कीमतें बढ़ गई हैं।

फिलहाल रोहतक में पेट्रोल 99 रुपये 56 पैसे प्रति लीटर और डीजल 92 रुपये 5 पैसे प्रति लीटर पहुंच चुका है। बढ़ते दामों ने नौकरीपेशा लोगों से लेकर किसानों और छोटे व्यापारियों तक सभी की चिंता बढ़ा दी है। सड़कों, पेट्रोल पंपों और बाजारों में लोग खुलकर अपनी नाराजगी जाहिर कर रहे हैं। कई लोग अब दोपहिया और चारपहिया वाहन कम इस्तेमाल करने की बात कह रहे हैं।

अब फिर साइकिल निकालनी पड़ेगी

रोहतक के मॉडल टाउन निवासी दुकान चलाने वाले शुभम का कहना है कि हर महीने पेट्रोल पर होने वाला खर्च लगातार बढ़ता जा रहा है। पहले 2000-2500 रुपये में काम चल जाता था, लेकिन अब जेब पर सीधा असर पड़ रहा है। अगर ऐसे ही दाम बढ़ते रहे तो फिर से साइकिल चलानी पड़ेगी। महंगे पेट्रोल-डीजल का असर सिर्फ आम लोगों तक सीमित नहीं है। बाजार में आने-जाने और सामान ढोने की लागत भी बढ़ रही है। छोटे दुकानदारों का कहना है कि ट्रांसपोर्ट महंगा होने से सामान के दाम भी बढ़ सकते हैं।

कार और बाइक अब घर में ही खड़ी रहेगी

सुनील दहिया ने कहा कि तेल के दाम बढ़ने से अब रोजाना कार निकालना मुश्किल होता जा रहा है। कम दूरी के लिए भी गाड़ी चलाने से पहले सोचना पड़ रहा है। लगता है अब बाइक और कार घर में खड़ी रखनी पड़ेगी। युवाओं में भी इस बढ़ोतरी को लेकर नाराजगी दिखाई दी। कॉलेज छात्रों का कहना है कि जेब खर्च का बड़ा हिस्सा अब पेट्रोल में ही निकल जाता है।

छात्रों पर भी असर

नेहा ने बताया कि कॉलेज आने-जाने में पहले जितना खर्च होता था, अब उससे कहीं ज्यादा हो रहा है। घर से ज्यादा पैसे मांगने पड़ते हैं। कई दोस्त अब बस से आना शुरू कर चुके हैं।

खेती करना और महंगा हो गया

किसान बलराज सिंह का कहना है कि डीजल महंगा होने से खेतों की जुताई, सिंचाई और फसल ढुलाई का खर्च बढ़ गया है। पहले ही खाद और बीज महंगे हैं, अब डीजल के दाम बढ़ने से खेती की लागत और बढ़ गई है। इसका सीधा असर किसानों की कमाई पर पड़ेगा। आर्थिक जानकारों का कहना है कि पेट्रोल-डीजल महंगा होने से सिर्फ वाहन चलाने का खर्च नहीं बढ़ता, बल्कि इसका असर रोजमर्रा की चीजों पर भी पड़ता है। ट्रांसपोर्ट महंगा होने से सब्जी, दूध और दूसरे सामान के दाम भी बढ़ सकते हैं।

एक हफ्ते में दूसरी बार बढ़े दाम

रोहतक में पेट्रोल अब 99.56 रुपये प्रति लीटर और डीजल 92.05 रुपये प्रति लीटर बिक रहा है। लगातार बढ़ते दामों ने आम आदमी की टेंशन बढ़ा दी है। लोग अब सरकार से राहत की उम्मीद कर रहे हैं। शहर में कई लोगों का कहना है कि अगर इसी तरह कीमतें बढ़ती रहीं तो आने वाले दिनों में आम आदमी का बजट पूरी तरह बिगड़ जाएगा। पेट्रोल पंपों पर भी लोग बढ़े हुए रेट देखकर हैरानी जताते नजर आए। अब सबकी नजर इस बात पर है कि क्या आने वाले दिनों में सरकार लोगों को राहत दे पाएगी या महंगाई का बोझ और बढ़ेगा।

RELATED NEWS

Most Popular