Tuesday, May 19, 2026
Homeदुनियारोहतक का बेटा तुषार ब्रिटेन में सबसे युवा मेयर बना

रोहतक का बेटा तुषार ब्रिटेन में सबसे युवा मेयर बना

कविता. रोहतक

हरियाणा के रोहतक से निकले एक युवा ने ब्रिटेन की राजनीति में बड़ी पहचान बनाकर जिले का नाम अंतरराष्ट्रीय स्तर पर रोशन किया है। 23 वर्षीय तुषार कुमार को एल्स्ट्री एंड बोरहमवुड टाउन काउंसिल का नया मेयर चुना गया है।

इसी के साथ वह ब्रिटेन के सबसे युवा भारतीय मूल के मेयर बन गए हैं। तुषार की इस उपलब्धि के बाद रोहतक में खुशी का माहौल है। सोशल मीडिया पर लोग उन्हें लगातार बधाइयां दे रहे हैं और युवाओं के लिए प्रेरणा बता रहे हैं।

बचपन रोहतक में बीता

तुषार का परिवार मूल रूप से रोहतक से जुड़ा हुआ है। उन्होंने अपने बचपन के कई साल यहीं बिताए। करीब 10 साल की उम्र में वह अपने माता-पिता के साथ ब्रिटेन चले गए, लेकिन अपनी मिट्टी और भारतीय संस्कृति से उनका जुड़ाव हमेशा बना रहा।

पढ़ाई के दौरान बढ़ी राजनीति में रुचि

ब्रिटेन में तुषार ने किंग्स कॉलेज लंदन से पॉलिटिकल साइंस की पढ़ाई की। छात्र जीवन के दौरान ही उन्होंने सामाजिक कार्यों और राजनीति में रुचि लेना शुरू कर दिया था। लोगों के बीच काम करने और समाज से जुड़े मुद्दों पर सक्रिय रहने की वजह से उन्होंने कम उम्र में ही अलग पहचान बना ली।

20 साल में बने काउंसलर

तुषार ने लेबर पार्टी के साथ राजनीति की शुरुआत की। मई 2023 में वह केवल 20 साल की उम्र में भारतीय मूल के सबसे युवा काउंसलर चुने गए थे। इसके बाद उन्होंने डिप्टी मेयर की जिम्मेदारी निभाई और अब मेयर बनकर नया रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया।

तुषार की मां परवीन रानी भी ब्रिटेन की राजनीति में सक्रिय हैं। वह हर्ट्समेरे बरो काउंसिल में पार्षद हैं और डिप्टी मेयर की जिम्मेदारी संभाल चुकी हैं। परिवार के राजनीतिक माहौल और समर्थन ने तुषार को आगे बढ़ने की ताकत दी।

मेयर बनने के बाद तुषार कुमार ने कहा कि उनकी प्राथमिकता युवाओं को सामाजिक और सार्वजनिक कार्यों से जोड़ना होगी। इसके साथ ही वह सामुदायिक कार्यक्रमों को बढ़ावा देने और चैरिटी संस्थाओं के लिए काम करना चाहते हैं।

युवाओं के लिए प्रेरणा

रोहतक से ब्रिटेन तक का तुषार का सफर आज हजारों युवाओं के लिए प्रेरणा बन गया है। कम उम्र में मिली यह बड़ी सफलता यह दिखाती है कि मेहनत, शिक्षा और आत्मविश्वास के दम पर दुनिया के किसी भी मंच पर पहचान बनाई जा सकती है।

RELATED NEWS

Most Popular