Rohtak News: 20 मई को होने वाली राष्ट्रव्यापी हड़ताल की तैयारी को लेकर रोहतक में कर्मचारियों और सीटू नेताओं ने बैठक कर रणनीति बनाई। उन्होंने कहा मजदूर, कर्मचारी, परियोजनाकर्मी व किसान इस आंदोलन में बढ़-चढ़कर भाग लेंगे।
सीटू की जिलाध्यक्ष कमलेश लाहली ने कहा कि लेबर कोड रद्द करने, 26000 रुपए न्यूनतम वेतन लागू करने, कच्चे कर्मचारियों, परियोजना कर्मचारियों को पक्का करने, निर्माण मजदूरों के बोर्ड को लागू करने, मनरेगा में 600 रुपए दिहाड़ी व 200 दिन काम देने, महंगाई व बेरोजगारी खत्म करने जैसे मुद्दों को लेकर हड़ताल में भाग लिया जाएगा। अगर सरकार ने सीटू की मांग पूरी नहीं की तो दूसरे आंदोलन की घोषणा की जाएगी।
वहीं आल हरियाणा पावर कार्पोरेशन वर्कर्स यूनियन के बैनर तले तीन सब यूनिटों पर मीटिंग हुईं। जिसमें राज्य सचिव कर्मवीर सिवाच ने बताया की 20 मई 2025 को राष्ट्रीय हड़ताल में भाग लिया जाएगा। जिसमें आल हरियाणा पावर कार्पोरेशन वर्कर्स यूनियन के सभी साथियों का शत-प्रतिशत समर्थन मिल रहा है। सर्व कर्मचारी संघ हरियाणा को भी हड़ताल के लिए सहयोग दिया जाएगा। विकास दहिया सर्कल सचिव रोहतक ने हड़ताल के सभी मुद्दों को कर्मचारियों के हितैषी तथा जायज ठहराया। सर्कल सचिव ने कहा की हड़ताल में महिला कर्मचारियों की भी भागीदारी सुनिश्चित करें।
राज्य कमेटी सदस्य मंजीत बजाड़ ने कहा की राष्ट्रीय हड़ताल के मुद्दों से कच्चे कर्मचारियों को अवगत कराया गया है। ताकि व्यापक एकता से हड़ताल को कामयाब किया जा सके। सभी सब यूनिटों ने हड़ताल को कामयाब करने के लिए हर संभव प्रयास करने का आश्वासन दिया।