Friday, October 18, 2024
Homeमध्य प्रदेशMP News, समृद्ध प्रदेश के लिए प्राकृतिक खेती का हो रहा विस्तार

MP News, समृद्ध प्रदेश के लिए प्राकृतिक खेती का हो रहा विस्तार

MP News, मध्यप्रदेश में भारत और जर्मनी के सहयोग से हरित सतत विकास भागीदारी कार्यक्रम में चल रही 16 परियोजनाओं में संवहनीय खेती अपनाकर पंचायतें कृषि के क्षेत्र में तेजी से आत्म-निर्भर बन रहीं हैं।

आत्मनिर्भर पंचायत-समृद्ध मध्यप्रदेश पर आयोजित तीन दिवसीय कार्यशाला में जनजातीय जिलों की पंचायतों से आई कृषक महिलाओं ने उत्साह से अपनी उपलब्धियां बताई। इसका आयोजन पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग और जर्मन संस्था जीआईजेड द्वारा किया गया।

पंचायत एवं ग्रामीण विकास मंत्री श्री प्रहलाद पटेल के उत्साहवर्धन पर जनजातीय महिलाओं ने विस्तार से आत्मनिर्भर खेती पर चर्चा की। मंडला जिले के ग्राम पंचायत कांसखेड़ा की कृषक दीदी रेखा ने गाय, गोबर और गोमूत्र आधारित खेती की जानकारी दी।

जलवायु परिवर्तन के खतरो का मध्यप्रदेश कैसे सामना कर समृद्ध हो सकता है इसकी रणनीति पर निरंतर विचार चल रहा है। विभिन्न पंचायतों में चल रहे आदर्श कार्यों की स्थानीय ग्रामीण जनजातीय महिलाओं ने विस्तार से जानकारी दी।

मंडला के निवास विकासखंड में सिंहपुर गांव की रहने वाली लक्ष्मी बैरागी ने बताया कि कैसे सिंहपुर गांव रासायनिक खेती से मुक्त गांव बन गया है। यहां पूरी तरह से प्राकृतिक खेती हो रही है। उन्होंने बताया कि यहां 450 एकड़ जमीन है जो 120 किसानो की है और 80 एकड़ आवासीय भूमि है। यहां 12 एकड़ में प्लांटेशन लगा है और 45 एकड़ में चारा उगाया जा रहा है।

अपना अनुभव साझा करते हुए वे कहती है कि जल, जंगल जमीन, पशु और चारागाह के बिना प्राकृतिक खेती नहीं की जा सकती। वे बताती है कि प्राकृतिक खेती करने से गोमूत्र आधारित कीटनाशक और अन्य खाद की कमी पड़ जाती है। इसलिए गोमूत्र से जैविक खाद और कीटनाशक बनाने का काम पशु शेड से जुड़कर किया जा रहा है।

मंडला जिले की ही बिछिया विकासखंड के कन्हरी बजन ग्राम पंचायत के भुलूज गाँव की रहने वाली किसान दीदी ने बताया कि कैसे तालाबों में मछली पालन किया जा रहा है और कैसे मुर्गी पालन और पशु शेड का उपयोग जैविक खाद बनाने में हो रहा है।

इस गांव में 65 किसान दीदियों ने अपने घरों में किचन गार्डन विकसित किया है और सब्जियां उगा रही हैं। आंगनबाड़ियों को भी सब्जियां दे रही हैं। पूरा गांव प्राकृतिक खेती कर रहा है। यहाँ के किसान खेती में लगने वाले महंगे रसायनों से मुक्त होकर अब खेती में आत्मनिर्भर बन रहे हैं। मोहगांव विकासखंड की ग्राम पंचायत कावरडोंगरी की किसान दीदी बताती हैं कि पोषण वाटिका के पहले सब्जियों के लिए बाजार जाते थे और रसायन वाली सब्जियां खाते थे। अब शुद्ध सब्जियां मिल रही हैं।

- Advertisment -
RELATED NEWS
- Advertisment -

Most Popular