चंडीगढ़ : हरियाणा के संसदीय कार्य मंत्री महिपाल ढांडा (Mahipal Dhanda) ने कहा कि वर्तमान राज्य सरकार अपराध के प्रति जीरो टॉलरेंस की नीति अपना रही है और पुलिस को त्वरित और प्रभावी कार्रवाई के लिए पूरी स्वतंत्रता दी है जिसके चलते समस्त हरियाणा में गंभीर और हिंसक अपराधों में लगातार कमी आई है। एफआईआर पंजीकरण, त्वरित जाँच, त्वरित गिरफ़्तारियाँ और समय पर आरोप-पत्र दाखिल करने से बिना किसी देरी के न्याय सुनिश्चित हो रहा है। उन्होंने कहा कि किसी भी निर्दोष को परेशान नहीं किया जाएगा और किसी भी अपराधी को बख्शा नहीं जाएगा।
मंगलवार को विधानसभा में अपराध के आंकड़े साझा करते हुए, मंत्री ने बताया कि 2014-2024 के बीच, जनसंख्या में 13.76% की वृद्धि के बावजूद, हत्याओं में 12.75%, डकैती में 49.41%, लूट में 10.52% और दंगों में 20.78% की कमी आई है। इसके विपरीत, 2004-2014 के दौरान, इन अपराधों में क्रमशः 50.88%, 230.76%, 258.2% और 178% की वृद्धि दर्ज़ की गई थी।
मंत्री ने कहा कि हरियाणा पुलिस ने साइबर अपराध रोकथाम में राष्ट्रीय मानक स्थापित किए हैं। साइबर अपराधियों की गिरफ़्तारी प्रतिदिन 5 से बढ़कर 22 हो गई है, और गिरफ़्तार किए गए लोगों में से 75% राज्य के बाहर के हैं। साइबर अपराध नियंत्रण के सभी प्रमुख मानकों पर हरियाणा प्रथम स्थान पर है और सितंबर 2024 में गृह मंत्रालय ने साइबर अपराधों के विरुद्ध लड़ाई में हरियाणा को सर्वश्रेष्ठ राज्य का पुरस्कार दिया है।
महिलाओं के विरुद्ध अपराधों का उल्लेख करते हुए श्री ढांडा ने कहा कि 2014-2024 के बीच छेड़छाड़ एवं यौन उत्पीड़न, अपहरण एवं दहेज हत्या के मामलों में क्रमशः 19.19%, 21.54% और 40.3% की गिरावट आई है, जबकि 2004-2014 के दौरान इनमें भारी वृद्धि हुई थी (318.85%, 558.21% और 16.8%)। महिलाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए, पूरे हरियाणा में 33 महिला पुलिस स्टेशन स्थापित किए गए हैं और प्रमुख स्थानों पर ‘दुर्गा शक्ति रैपिड एक्शन फोर्स’ तैनात की गई है। उन्होंने कहा कि संगठित अपराध से प्रभावी ढंग से निपटने के लिए, सरकार ने 2017 में 9 कार्यात्मक इकाइयों के साथ एक विशेष कार्य बल (एसटीएफ) का गठन किया, जिसने अब तक 2,836 कट्टर अपराधियों को गिरफ्तार किया है। उन्होंने बताया कि 1 जनवरी 2024 से अब तक अपराधियों के साथ गोलीबारी की 110 घटनाएं हुई हैं, जिसके परिणामस्वरूप 13 खूंखार अपराधी मारे गए और 156 घायल हुए।
ढांडा ने कहा कि पिछली सरकारों की तुलना में वर्तमान सरकार के कार्यकाल में सभी प्रमुख क्षेत्रों में अपराध में उल्लेखनीय कमी आई है। उन्होंने आगे कहा कि ये आँकड़े दर्शाते हैं कि निर्णायक कार्रवाई, जवाबदेही और जन-केंद्रित पुलिसिंग से हरियाणा कानून-व्यवस्था बनाए रखने में एक आदर्श राज्य बना है।