रोहतक : हरियाणा के ऊर्जा, परिवहन एवं श्रम मंत्री अनिल विज ने रोहतक में वरिष्ठ भाजपा नेता गुलशन भाटिया के आवास पर पहुंच उनकी भतीजी सीमा के निधन पर दुख जताते हुए परिवार को सांत्वना दी।
इस दौरान पत्रकारों से बातचीत के दौरान ऊर्जा मंत्री अनिल विज ने कहा कि गुलशन भाटिया जी भाजपा के वरिष्ठ एवं पुराने नेता है। उनकी भतीजी का कम आयु में स्वर्गवास हो गया है जो दुखद है। उन्होंने कहा कि वो भाटिया जी के सुख और दुख में हमेशा शामिल शामिल होते है।
वहीं, हरियाणा के खिलाड़ी खेलों में पदक ला रहे है और खिलाड़ियों को सरकार की तरफ से मिल रही सुविधाओं के प्रश्न पर ऊर्जा मंत्री अनिल विज ने कहा कि हरियाणा सरकार हमेशा खिलाड़ियों के साथ खड़ी है। वह स्वयं भी खेलमंत्री रहे हैं, सरकार विशेष दर्जा खिलाड़ियों को देती है। खिलाड़ी बहुत मान बढ़ा रहे हैं और रोजाना मेडल आ रहे है, सरकार खिलाड़ियों का उचित सम्मान करती है।
विज ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर हो रहे प्रदर्शन पर तीखी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि ज्ञानेश कुमार वही काम कर रहे हैं जो एक मुख्य चुनाव आयुक्त को करना चाहिए और वो काम है मतदाता सूचियों का शुद्धिकरण करना ताकि कोई भी नाजायज आदमी जो वोट का हकदार नहीं है और उसने किसी तिकड़मबाजी से मतदाता सूची में अपने नाम डलवा दिए हैं तो उन नामों को डिलीट किया जा सके।
विज ने कहा कि जो मतदाता यहां से कहीं दूसरी जगह ट्रांसफर होकर चले गए हैं या फिर कोई महिला यहां से कहीं और शादी कराकर चली गई या फिर जिन लोगों का देहांत हो गया हैं उन लोगों के नाम डालना और निकालना, यही चुनाव आयोग का काम है। इसको लेकर उन्होंने विपक्षी पार्टियों खासकर कांग्रेस पार्टी पर तीखा प्रहार किया।

