रोहतक : उपायुक्त सतबीर सिंह ने कहा है कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में हरियाणा सरकार द्वारा खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने के लिए प्रभावी खेल नीति के चलते ही रोहतक जिला के खिलाड़ी पदक जीतकर नये कीर्तिमान स्थापित कर रहे है। रोहतक के पदक विजेता खिलाड़ियों को जिला प्रशासन की ओर से सम्मानित करने के उपरांत मीडिया से बातचीत करते हुए उपायुक्त ने कहा कि राज्य सरकार की खेल नीति के तहत अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को विभिन्न प्रतियोगिताओं के आधार पर नकद पुरस्कार प्रदान किए जाते हैं।
सतबीर सिंह ने कहा कि राष्ट्रमंडल खेल, एशियन गेम्स, राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं और ओलंपिक खेलों के लिए अलग-अलग प्रोत्साहन का प्रावधान है। उन्होंने कहा कि अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को समय-समय पर सम्मानित भी किया जाता है तथा पात्र खिलाड़ियों को रोजगार के अवसर उपलब्ध करवाने की दिशा में भी सरकार द्वारा प्रोत्साहन दिया जाता है। सरकार का उद्देश्य है कि खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा निखारने में किसी प्रकार की बाधा न आए और वे अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश तथा प्रदेश के लिए अधिक से अधिक पदक जीत सकें।
उपायुक्त ने कहा कि खिलाड़ियों को मिलने वाला प्रोत्साहन और सम्मान नई पीढ़ी के लिए प्रेरणा का कार्य करता है। जब कोई खिलाड़ी किसी क्षेत्र में उत्कृष्ट उपलब्धि हासिल करता है तो वह बच्चों और युवाओं के लिए एक आदर्श के रूप में स्थापित होता है। इससे युवाओं में खेलों के प्रति रुचि बढ़ती है और वे अपने लक्ष्य को हासिल करने के लिए प्रेरित होते हैं। उन्होंने कहा कि हरियाणा के खिलाड़ी अंतरराष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं / ओलंपिक, राष्ट्रमंडल खेल, एशियन गेम्स और विश्व चैंपियनशिप में लगातार बेहतर प्रदर्शन कर रहे हैं और भारत के पदक तालिका में प्रदेश के खिलाड़ियों का महत्वपूर्ण योगदान रहता है।
सतबीर सिंह ने कहा कि यह अत्यंत गर्व का विषय है कि हरियाणा और रोहतक जिला के खिलाड़ी लगातार अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में पदक जीतकर देश का मान-सम्मान बढ़ा रहे हैं। जब कोई भारतीय खिलाड़ी पदक जीतकर सम्मान मंच पर पहुंचता है और राष्ट्रगान के साथ तिरंगा झंडा ऊंचा लहराता है तो यह प्रत्येक भारतीय के लिए गौरव का क्षण होता है। उन्होंने कहा कि रोहतक जिला के अनेक खिलाड़ी इस बार एशियन गेम्स में शानदार प्रदर्शन कर रहे हैं। इनमें प्रवीण कुमारी, शेफाली वर्मा, निशा, देवांक दलाल, सुरुचि तिरयाल, आशिमा अहलावत सहित अन्य खिलाड़ी शामिल हैं। उन्होंने कहा कि जिला के खिलाड़ियों का यह प्रदर्शन पूरे जिले के लिए गौरव का विषय है।

उपायुक्त सतबीर सिंह ने पदक विजेता खिलाड़ियों की इस उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उन्हें और उनके परिवारों को हार्दिक बधाई दी। उपायुक्त ने आशिमा अहलावत को उनके रोहतक स्थित आवास पर जाकर सम्मानित किया, जबकि देवांक दलाल को अपने कैंप कार्यालय में सम्मानित किया। जिला प्रशासन की ओर से दोनों खिलाड़ियों को पुष्पगुच्छ व शाॅल भेंटकर सम्मानित किया।
सतबीर सिंह ने कहा कि जिला प्रशासन की ओर से आशिमा अहलावत, देवांक दलाल, प्रवीण कुमारी और जिले के सभी पदक विजेता एवं प्रतिभागी खिलाड़ियों तथा उनके परिवारों को हार्दिक बधाई दी। उन्होंने कहा कि इन खिलाड़ियों ने देश का मान बढ़ाया है, तिरंगे को ऊंचा किया है और राष्ट्रगान की गौरवपूर्ण धुन को अंतरराष्ट्रीय मंच पर गुंजायमान किया है। उन्होंने सभी खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि वे इसी प्रकार मेहनत और लगन के साथ देश के लिए और अधिक पदक जीतते रहें तथा रोहतक, हरियाणा और भारत का नाम विश्व पटल पर रोशन करते रहें।

