Saturday, May 9, 2026
Homeहरियाणारोहतकअब MDU में शोधार्थियों और विद्यार्थियों को जॉब क्रिएटर बनाने की दिशा...

अब MDU में शोधार्थियों और विद्यार्थियों को जॉब क्रिएटर बनाने की दिशा में होगा कार्य

रोहतक : महर्षि दयानंद विश्वविद्यालय (MDU) में नवाचार, स्टार्टअप तथा उद्यमिता की संस्कृति को बढ़ावा देने के लिए समग्र योजना एवं प्रभावी नीति तैयार की जाएगी। विश्वविद्यालय के शोधार्थियों और विद्यार्थियों को उद्यमी तथा जॉब क्रिएटर बनाने की दिशा में विशेष प्रयास किए जाएंगे। यह विचार एमडीयू के कुलपति प्रो. मिलाप पूनियाँ ने विश्वविद्यालय के सेंटर फॉर इनोवेशन, इन्क्यूबेशन एंड एंटरप्रेन्योरशिप (सीआईआईई) के तत्वावधान में आयोजित बैठक में व्यक्त किए।

कुलपति प्रो. मिलाप पूनियाँ ने कहा कि राष्ट्रीय शिक्षा नीति, भारत सरकार तथा हरियाणा प्रदेश की स्टार्टअप नीतियों के प्रावधानों को समाहित करते हुए विश्वविद्यालय की अपनी स्टार्टअप एवं इनोवेशन नीति तैयार की जाएगी। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में उद्यमिता का सशक्त इकोसिस्टम विकसित करना अत्यंत आवश्यक है, ताकि युवा रोजगार पाने वाले नहीं, बल्कि रोजगार उपलब्ध कराने वाले बन सकें।

उन्होंने जानकारी दी कि आगामी शैक्षणिक सत्र से विश्वविद्यालय में प्रतिष्ठित उद्यमियों, सफल स्टार्टअप क्रिएटर्स एवं इनोवेटर्स को आमंत्रित कर विद्यार्थियों और शोधार्थियों का मार्गदर्शन कराया जाएगा। इससे विद्यार्थियों को व्यावहारिक अनुभव और नई सोच विकसित करने का अवसर मिलेगा।

इस अवसर पर डीन एकेडमिक अफेयर्स प्रो. ए.एस. मान ने कहा कि विश्वविद्यालय में उद्यमिता जागरूकता अभियान चलाने के साथ-साथ नवाचारी परियोजनाओं के लिए फैकल्टी सदस्यों एवं विद्यार्थियों को प्रोत्साहित किया जाएगा।

बैठक में निदेशक आईक्यूएसी प्रो. बी. नरसिम्हन, डीन (आर एंड डी) प्रो. हरीश दुरेजा, चौ रणबीर सिंह इंस्टीट्यूट के निदेशक प्रो. संदीप मलिक, भौतिकी विभाग के प्रो. राजेश पूनिया, माइक्रोबायोलॉजी विभाग के प्रो. के.के. शर्मा, सेंटर फॉर आईपीआर स्टडीज के उपनिदेशक डॉ. राजीव कुमार कपूर तथा सीआईआईई के पूर्व निदेशक प्रो. राहुल ऋषि ने अपने महत्वपूर्ण सुझाव एवं विचार साझा किए।

एमडीयू एलुमनस एवं प्रतिष्ठित उद्यमी अंशुल रुहिल ने अपने उद्यमिता अनुभव साझा करते हुए इनोवेशन और स्टार्टअप से जुड़े व्यावहारिक सुझाव दिए।

बैठक में अतिरिक्त निदेशक सीआईआईई प्रो. सीमा सिंह, उपनिदेशक प्रो. डॉ. दीपक छाबड़ा, सहायक निदेशक डॉ. विपिन सैनी तथा निदेशक जनसंपर्क सुनित मुखर्जी सहित अन्य गणमान्य सदस्य उपस्थित रहे।

RELATED NEWS

Most Popular