Tuesday, September 15, 2026
HomeहरियाणारोहतकMDU में 15 सितंबर को सजेगा टैलेंट सर्च का मंच

MDU में 15 सितंबर को सजेगा टैलेंट सर्च का मंच

रोहतक : महर्षि दयानंद विश्वविद्यालय (MDU) के छात्र कल्याण कार्यालय की ओर से 15 सितंबर को विश्वविद्यालय परिसर में टैलेंट सर्च प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा। टैगोर ऑडिटोरियम में सुबह 10 बजे से शुरू होने वाले इस आयोजन का उद्देश्य विद्यार्थियों की छिपी प्रतिभाओं को पहचानना और उन्हें अपनी कला एवं रचनात्मकता प्रदर्शित करने के लिए मंच प्रदान करना है।

डीन स्टूडेंट्स वेलफेयर प्रो. सपना गर्ग ने बताया कि इस वर्ष टैलेंट सर्च की थीम- डिफरेंट टैलेंट्स, वन कैंपस, वन फैमिली रखी गई है। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय विद्यार्थियों के शैक्षणिक विकास के साथ-साथ उनकी रचनात्मक एवं सांस्कृतिक प्रतिभाओं को निखारने के लिए निरंतर अवसर उपलब्ध करा रहा है। ऐसे आयोजन विद्यार्थियों में आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता और रचनात्मक सोच विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने विश्वविद्यालय के सभी विभागों एवं संकायों के विद्यार्थियों से बढ़-चढ़कर भाग लेने का आह्वान किया।

निदेशक युवा कल्याण डॉ. प्रताप राठी ने बताया कि प्रतियोगिता में पांच प्रमुख विधाओं- नृत्य, संगीत, रंगमंच, ललित कला और साहित्यिक में विद्यार्थी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे। नृत्य वर्ग में शास्त्रीय, लोक एवं समकालीन नृत्य, संगीत में गायन एवं वादन, जबकि रंगमंच में नाटक, माइम एवं अभिनय को शामिल किया गया है। ललित कला वर्ग में चित्रकारी एवं स्केचिंग तथा साहित्यिक वर्ग में कविता पाठ, वाद-विवाद और रचनात्मक लेखन की प्रतियोगिताएं आयोजित होंगी।

प्रो. सपना गर्ग ने कहा कि टैलेंट सर्च केवल एक प्रतियोगिता नहीं, बल्कि विद्यार्थियों को अपनी पहचान बनाने, हुनर को मंच देने और कैंपस में रचनात्मक ऊर्जा को बढ़ावा देने का प्रयास है। उन्होंने विद्यार्थियों से अपनी प्रतिभा के साथ इस आयोजन का हिस्सा बनने की अपील की।

RELATED NEWS
spot_img

Most Popular