Thursday, August 13, 2026
Homeहरियाणा18 मंजिला ज्ञान मंदिर में मनाई गई शरद पूर्णिमा, हजारों लोगों ने...

18 मंजिला ज्ञान मंदिर में मनाई गई शरद पूर्णिमा, हजारों लोगों ने प्रसाद ग्रहण किया

कुरुक्षेत्र। श्री ब्रह्मपुरी अनक्षेत्र आश्रम ट्रस्ट द्वारा 18 मंजिला ज्ञान मंदिर पर शरद पूर्णिमा के अवसर पर कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान सांस्कृतिक एवं आध्यात्मिक संकीर्तन आयोजित हुआ।

शरद पूर्णिमा की रात्रि को विपिन शर्मा द्वारा भजन गाकर सभी का मन मोह लिया। वहीं पंडित मेहर चंद द्वारा विष्णु सहस्त्रनाम पाठ आयोजित किया। रात्रि में ही ज्ञान मंदिर पर 290 फीट की ऊंचाई पर पूर्णिमा की चांदनी में खीर का प्रसाद बना। जिसे सुबह पांच बजे लोगों में वितरित किया गया। इस दौरान हजारों लोगों ने खीर का प्रसाद ग्रहण किया। बता दें कि शरद पूर्णिमा की चांदनी में रखी खीर खाने से शरीर के कई प्रकार के रोग दूर होते हैं।

शरद पूर्णिमा कार्यक्रम में आरएसएस नेता इंद्रेश कुमार विशेष रूप से पहुंचे। वहीं अनेक ट्रस्टी व अन्य गणमान्यजन पहुंचे। यहां पहुंचने पर श्री ब्रह्मपुरी अनक्षेत्र आश्रम ट्रस्ट के प्रधान राजेश गोयल ने सभी का स्वागत किया। इस दौरान रामकुमार गोयल ट्रस्ट के नए ट्रस्टी बनाए गए। वहीं पार्थ वीर ने अपने जन्मदिन के उपलक्ष्य पर भंडारे का सहयोग किया। अपने संबोधन में इंद्रेश कुमार ने कहा कि शरद पूर्णिमा की रात मां लक्ष्मी धरती पर विचरण करती हैं और अपने भक्तों को समृद्धि और सौभाग्य का आशीर्वाद देती हैं। यह रात देवी लक्ष्मी की पूजा और धन-धान्य की प्राप्ति के लिए अत्यंत शुभ मानी जाती है। जागकर इस रात मां लक्ष्मी की कृपा प्राप्त करना अत्यधिक फलदायी होता है। शरद पूर्णिमा का भगवान श्रीकृष्ण के जीवन में भी विशेष महत्व है। इस दिन भगवान कृष्ण ने वृंदावन में गोपियों के साथ दिव्य रास लीला का आयोजन किया था, जो प्रेम, भक्ति और आत्मा की परमात्मा से मिलन का प्रतीक है। इस रात्रि की चंद्रमा की शीतलता और प्रकाश भगवान कृष्ण की दिव्यता का प्रतीक है, और यह दिन रास लीला की दिव्यता को अनुभव करने का उत्तम अवसर है।

प्रधान राजेश गोयल ने कहा कि प्रदूषण से दूर 290 फीट की ऊंचाई पर शरद पूर्णिमा की रात्रि को प्रसाद तैयार हुआ व वीरवार की सुबह हजारों लोगों ने प्रसाद ग्रहण किया। इसके अलावा प्रसाद आए हुए लोगों के माध्यम से अन्य लोगों तक भी पहुंचाया गया। इस मौके पर डॉ पवन गोयल, सतपाल सिंगला, गोपाल गोयल, बृजभान मित्तल, सतीश मित्तल, हेमराज तायल, जितेश गोयल, संजय गर्ग मोहाली, जितेंद्र नरवाना, सुरेंद्र बठला, सुरेश खट्टर पानीपत, पदम गुप्ता, सुरेंद्र गुप्ता, पवन बंसल, विवेक गुप्ता, राकेश मंगल, राजेश सिंगला, मनीष मित्तल, अशोक गर्ग, चूड़ामणि, रोहतक से राजेंद्र गुलिया के नेतृत्व में महिला मंडल संजीव वीर, सतीश बिंदल, दीप्ति व अन्य मौजूद रहे।

RELATED NEWS
spot_img

Most Popular