Friday, July 3, 2026
Homeशिक्षाHTET Exam : एआई तकनीक से लैस सीसीटीवी कैमरों से परीक्षा केंद्रों...

HTET Exam : एआई तकनीक से लैस सीसीटीवी कैमरों से परीक्षा केंद्रों की होगी लाइव मॉनिटरिंग

  •  परीक्षा केन्द्रों की व्यवस्था को किया गया चाक-चौबंद
  •  हाईटैक कमांड एंड कंट्रोल सेंटर से प्रत्येक केन्द्र पर रखी जाएगी पैनी नजर

HTET Exam : 4 व 5 जुलाई  को आयोजित होने वाली हरियाणा अध्यापक पात्रता परीक्षा के नकल-विहीन व सुव्यवस्थित संचालन हेतु हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड द्वारा पुख्ता प्रबन्ध कर लिए गए हैं। बोर्ड के अधिकारी/कर्मचारी परीक्षा ड्युटी पूर्ण ईमानदारी व कर्तव्यपरायणता से करें।

हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड के अध्यक्ष  शंकर लाल धूपड़ एवं सचिव मुनीश शर्मा ने सभी अधिकारियों/कर्मचारियों को एचटेट परीक्षा के सुसंचालन हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश दिए तथा उड़दस्तों को कर्तव्य व उत्तरदायित्व की जानकारी दी गई।

उन्होंने बताया कि परीक्षा केंद्रों पर शांति, सुरक्षा एवं निष्पक्षता सुनिश्चित करने के लिए शिक्षा बोर्ड द्वारा पुख्ता प्रबन्ध किए गए हैं। परीक्षा केंद्र में प्रवेश से पहले सभी उम्मीदवारों की मेटल डिटेक्टर के माध्यम से फ्रिस्ंिकग होगी और बायोमेट्रिक सत्यापन किया जाएगा। यह सुनिश्चित किया जाएगा कि उम्मीदवारों के पास किसी प्रकार के अवैध सामग्री न हो। उन्होंने आगे बताया कि किसी भी प्रकार की गड़बड़ी या असामाजिक गतिविधियों से बचने के लिए सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से बोर्ड मुख्यालय पर स्थापित हाईटैक कंमाड एंड कंट्रोल सेन्टर से परीक्षा केंद्रों की लाइव निगरानी की जाएगी। जिसके लिए आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (A.I.) का इस्तेमाल किया जाएगा ताकि किसी भी संदिग्ध गतिविधि का तुरंत पता लगाया जा सके। परीक्षा केंद्रों के आस-पास पुलिस द्वारा पूरी तरह से सुरक्षा व्यवस्था की जाएगी।

उन्होंने सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्देश देते हुए कहा कि वे परीक्षा के दौरान अपना पहचान-पत्र पहनना सुनिश्चित करें तथा बोर्ड द्वारा जारी किए गए सभी दिशा-निर्देशों का पालन करें और परीक्षा को सफलतापूर्वक संपन्न कराने के लिए हर संभव प्रयास करें। अपनी ज़िम्मेदारियों को पूरी ईमानदारी और निष्पक्षता से निभाएं ताकि परीक्षा सुचारू रूप से आयोजित हो सके।

बोर्ड सचिव ने कहा कि परीक्षा केन्द्रों की निरीक्षण व्यवस्था को चाक-चौबंद किया गया है। नकल व अन्य अनियमितताओं पर सख्ती से रोक लगाने के लिए लगभग 128 प्रभावशाली उड़नदस्तों की नियुक्ति की गई है। इसके अतिरिक्त प्रदेशभर में प्रत्येक परीक्षा केन्द्र पर पूर्ण समय के लिए ऑब्जर्वर भी नियुक्त किए गए हैं, जिसमें जिला प्रशासन का एक अधिकारी तथा शिक्षा बोर्ड का एक अधिकारी/कर्मचारी प्रतिनिधि के तौर पर शामिल है। किसी भी अधिकारी/कर्मचारी की लापरवाही या अविवेकपूर्ण आचरण को किसी भी हालत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

उन्होंने बताया कि इस परीक्षा में प्रदेशभर में 02 लाख 33 हजार 294 अभ्यर्थी 383 परीक्षा केन्द्रों पर प्रविष्ट होंगे। 04 जुलाई को सांयकालीन सत्र में लेवल-3 की परीक्षा होगी, जिसमें 73,091 अभ्यर्थी तथा 05 जुलाई को प्रात:कालीन सत्र में लेवल-2 की परीक्षा में 1,19,141 अभ्यर्थी एवं सायंकालीन सत्र में लेवल-1 की परीक्षा में 41,062 अभ्यर्थी शामिल होंगे।

बोर्ड के अध्यक्ष शंकर लाल धूपड़ एवं सचिव मुनीश शर्मा ने सभी अभ्यर्थियों से अपील की है कि वे परीक्षा के लिए तैयारी अच्छे से करें और निर्धारित समय और स्थान पर पहुंचे। बोर्ड परीक्षा के सफल संचालन के लिए प्रतिबद्ध है और इसे पूरी तरह से निष्पक्ष, सुरक्षित और पारदर्शी रूप से आयोजित करने का वचन देता है।

RELATED NEWS

Most Popular