Thursday, November 19, 2026
Homeदिल्लीCJI सूर्यकांत PGIMS के दीक्षांत समारोह में डॉक्टरों को देंगे डिग्री

CJI सूर्यकांत PGIMS के दीक्षांत समारोह में डॉक्टरों को देंगे डिग्री

रोहतक : पंडित भगवत दयाल शर्मा स्वास्थ्य विज्ञान विश्वविद्यालय, रोहतक कुलपति डॉ. एच. के. अग्रवाल के नेतृत्व में
एक ऐतिहासिक पल की ओर बढ़ रहा है। विश्वविद्यालय के इतिहास में पहली बार देश के मुख्य न्यायाधीश किसी दीक्षांत समारोह में मुख्य अतिथि बनकर पहुंचेंगे। 3 जनवरी को होने वाले छठे दीक्षांत समारोह में मुख्य न्यायाधीश जस्टिस सूर्य कांत करीब 900 विद्यार्थियों को डिग्रियां प्रदान करेंगे। यह दिन न केवल विश्वविद्यालय के लिए, बल्कि पूरे हरियाणा के लिए गर्व का दिन होगा, क्योंकि डिग्री लेने वाले विद्यार्थियों में अभी से उनके हाथ से डिग्री लेने की उत्सुकता नजर आने लगी है।

इस बड़े आयोजन को सफल बनाने के लिए आज कुलपति डॉ. एच. के. अग्रवाल ने खुद बैठक लेकर तैयारियों का जायजा लिया। उन्होंने एक एक बिंदु पर अधिकारियों से सवाल पूछे और स्पष्ट निर्देश दिए कि कोई भी काम अधूरा नहीं रहना चाहिए। उन्होंने कहा कि यह समारोह विश्वविद्यालय की पहचान बनेगा, इसलिए व्यवस्था ऐसी होनी चाहिए कि आने वाला हर मेहमान और हर विद्यार्थी इसे जीवन भर याद रखे क्योंकि यह किसी भी विद्यार्थी के जीवन का सबसे अहम दिन होता है। बैठक में डिग्री वितरण, स्वर्ण पदक, मंच, सुरक्षा, स्वागत, पार्किंग और बैठने की व्यवस्था तक हर काम के लिए अलग अलग टीमों को जिम्मेदारी सौंपी गई।

कुलपति डॉ. एच. के. अग्रवाल ने कहा कि यह पहला मौका है, जब देश के मौजूदा मुख्य न्यायाधीश प्रदेश के स्वास्थ्य विश्वविद्यालय के दीक्षांत समारोह में आ रहे हैं। उन्होंने कहा कि इससे विद्यार्थियों का हौसला कई गुना बढ़ेगा। उन्हें संविधान, न्याय, अनुशासन और नैतिक मूल्यों की सीख मिलेगी, जो एक डॉक्टर के जीवन में सबसे ज्यादा जरूरी है। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय केवल डिग्रियां नहीं बांट रहा, वह समाज को सेवा भाव से भरे डॉक्टर दे रहा है।

उन्होंने बताया कि इस समारोह में मेडिकल, डेंटल, नर्सिंग, फार्मेसी, फिजियोथेरेपी और पैरामेडिकल सहित सभी विषयों के विद्यार्थियों को डिग्रियां मिलेंगी। सबसे ज्यादा डिग्रियां एमबीबीएस के विद्यार्थियों को मिलेंगी। इसके अलावा एमडी, एमएस, बीडीएस, बी फार्मेसी, एमपीटी, एमडीएस, एमएससी नर्सिंग, बीपीटी, पोस्ट बेसिक बीएससी नर्सिंग, डीएम, एमसीएच, एनपीसीसी, एम फार्मा और एमफिल साइकियाट्रिक सोशल वर्क के विद्यार्थी भी डिग्री हासिल करेंगे। सभी कोर्सेज के टॉपर्स को स्वर्ण पदक से सम्मानित किया जाएगा, जो विशेष रूप से दिल्ली में तैयार कराए जा रहे हैं।

कुलपति डॉ. एच. के. अग्रवाल ने कहा कि विश्वविद्यालय में इस समय विकास का नया दौर चल रहा है। प्रदेश सरकार ने ग्राउंड प्लस 6 मंजिला, 500 बेड के प्राइवेट वार्ड कॉम्प्लेक्स को मंजूरी दी है, जिसमें जनरल वार्ड भी होंगे। 160 करोड़ रुपये की इस बड़ी परियोजना का टेंडर चल रहा है। इसके साथ ही ट्रॉमा सेंटर के पास 155 करोड़ रुपये की लागत से नया इमरजेंसी ब्लॉक बनाने की योजना है।

उन्होंने कहा कि उनका सपना है कि पीजीआईएमएस रोहतक देश के सर्वश्रेष्ठ स्वास्थ्य विश्वविद्यालयों में गिना जाए, जहां मरीज को विश्वस्तरीय इलाज मिले, विद्यार्थी को विश्वस्तरीय शिक्षा मिले और हर डॉक्टर मानवता की सेवा को अपना धर्म समझे। उन्होंने विद्यार्थियों से कहा कि वे इस ऐतिहासिक दिन को याद रखें और जहां भी जाएं, ईमानदारी और सेवा भाव से काम करें।

RELATED NEWS

Most Popular