Sunday, May 5, 2024
Homeहरियाणाहरियाणा में ऑनर किलिंग, प्रेमविवाह की दर्दनाक सजा, 'झूठी शान' की खातिर...

हरियाणा में ऑनर किलिंग, प्रेमविवाह की दर्दनाक सजा, ‘झूठी शान’ की खातिर जीजा की हत्या

- Advertisment -

गांव खोड़ में ऑनर किलिंग का मामला सामने आया। युवक ने अपने ही गांव की लड़की से प्रेम विवाह किया था। इस समय लड़की नारनौल सेफ हाउस में है। वहीं युवक का शव जयपुर के शाहपुरा कस्बे में हाइवे के पुल के नीचे मिला है। पुलिस मामले में छानबीन कर रही है।

- Advertisment -

नारनौल। हरियाणा में ऑनर किलिंग का भयावह मामला सामने आया है। प्रेमविवाह की ऐसी दर्दनाक सजा दी गई कि रुंह कांप जाये। बहन की लव मैरिज से नाराज एक भाई ने ‘झूठी शान’ की खातिर जीजा की हत्या कर दी। लड़की के भाई ने पहले अपने जीजा को अगवा कर लिया फिर उसकी राजस्थान के जयपुर में ले जाकर बेरहमी से पीट पीट कर हत्या कर दी।

प्रेम विवाह करने वाला युवक और युवती एक ही गांव के रहने वाले हैं और 3 दिन पहले ही दोनों ने घर से भाग कर शादी की थी। लड़की के परिजन इस शादी को अपनी इज्जत से जोड़कर देख रहे थे। लड़की तंवर गोत्र की थी, जबकि लड़का चौहान परिवार का था। लड़की बीए की छात्रा थी, जबकि उसका पति एमए पास था। घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल है।

खेत में पड़ा दीपक का शव

बताया गया है कि महेंद्रगढ़ जिले के अटेली थाना अंतर्गत खोड़ गांव की एक युवती ने 28 मार्च को झज्जर के एक गांव के युवक से घरवालों की मर्जी के खिलाफ घर से भागकर आर्य समाज मंदिर में प्रेम विवाह किया था। जब इसका पता परिजनों को चला तो लड़की के परिजनों ने थाने में शिकायत कर दी। मौका देख कर शुक्रवार को लड़की के भाई संजय ने प्रेम विवाह करने वाले 26 वर्षीय दीपक का अपहरण कर लिया। लड़के के परिजनों ने इसकी शिकायत अटेली थाने में दी। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी रही।

वहीं लड़की के पक्ष के लोग थाने में पहुंचे और उन्होंने गांव की गांव में ही शादी करने को गलत करार दिया। लड़के के भाई विनय चौहान फौजी ने बताया कि उसके भाई का अपहरण लड़की के भाई संजय ने किया है। संजय व अन्य लोग उनके भाई को कार में बिठाकर रेवाड़ी ले गए। फिर वहां से अन्य युवकों के साथ उसके भाई की बेरहमी से पीट-पीटकर हत्या कर दी। बाद में भाई की लाश को राजस्थान के शाहपुरा में फेंक दिया। 30 मार्च को राजस्थान पुलिस को शाहपुरा हाईवे पुल के नीचे एक अज्ञात शव मिला था। पुलिस लड़के के परिजनों को लेकर शिनाख्त के लिए राजस्थान गई तो लड़के के परिजनों ने लड़के की डेड बॉडी को पहचान लिया।

थाने पहुंचे ग्रामीण और दीपक के परिजन

परिजनों ने कहा कि यह मामला ऑनर किलिंग से जुड़ा हुआ है और इस मामले में लड़की का भाई, परिजनों, रिश्तेदार भी शामिल है। उन्हें तुरंत गिरफ्तार किया जाए। परिजनों ने इस पूरे मामले में पुलिस की भूमिका पर सवाल खड़े किए हैं। उन्होंने कहा कि पुलिस ने पहले तो उनकी एफआईआर दर्ज नहीं की और 2 दिन बाद दर्ज की गई। जब तक आरोपियों ने उसके भाई की हत्या कर दी।

पुलिस का कहना है कि 27 मार्च को लड़की के भाई ने अटेली थाने में अपनी बहन को किसी अज्ञात स्थान पर छुपाने की शिकायत दर्ज कराई थी। इसके बाद युवक के परिजनों ने अटेली थाने में लड़के के अपहरण का मामला दर्ज कराया। दोनों पक्षों की ओर से केस दर्ज किया गया था। अब युवक की हत्या के बाद मामले में नया मोड़ आ गया है। पूरे मामले की जांच की जा रही है। शव को लेने के लिए राजस्थान भी गई हुई है। शनिवार सुबह शव परिजनों को सौंपा जाएगा।

युवक दीपक की हत्या के बाद गांव के लोगों में आक्रोश है। पुलिस पर समय पर कार्रवाई नहीं करने का भी आरोप लगाया जा रहा है। प्रेम विवाह के बंधन में बंधी युवती की जान को खतरा देखते हुए उसे नारनौल स्थित सेफ हॉउस में रखा गया है। वहीं अटेली पुलिस की नाकामी व लड़का-लड़की के एक ही गांव के होने से गांव में आक्रोश देखा गया। मृतक दीपक जिसने प्रेम विवाह किया था वह वर्तमान ग्राम पंचायत में पंच था।

- Advertisment -
RELATED NEWS
- Advertisment -
- Advertisment -

Most Popular