Friday, June 19, 2026
Homeखेल जगतअंडर-17 गर्ल्स क्रिकेट चैंपियनशिप: हरियाणा टीम ने ट्रॉफी पर जमाया कब्जा

अंडर-17 गर्ल्स क्रिकेट चैंपियनशिप: हरियाणा टीम ने ट्रॉफी पर जमाया कब्जा

29 अप्रैल से प्रारम्भ हुई पांच दिवसीय राष्ट्रीय अंडर-17 गर्ल्स क्रिकेट चैंपियनशिप का 3 मई 2026 को शानदार एवं गरिमामय समापन हुआ। पूरे टूर्नामेंट के दौरान खिलाड़ियों ने अनुशासन, खेल भावना और उत्कृष्ट प्रदर्शन का परिचय दिया, जिसने इस प्रतियोगिता को यादगार बना दिया।

पांचवें दिन खेले गए सेमीफाइनल और फाइनल मैच में टीमों के बीच कड़ा संघर्ष देखने को मिला। सेमीफाइनल मुकाबलों में हरियाणा  और राजस्थान ने अपने शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए फाइनल में प्रवेश किया। दोनों टीमों ने पूरे टूर्नामेंट में बेहतरीन संतुलन और रणनीति का परिचय दिया।

हरियाणा तथा राजस्थान के बीच फाइनल क्रिकेट मैच की ओपनिंग विशिष्ट अतिथि श्री कर्ण सिंह पुनिया ने की। फाइनल मैच में हरियाणा और राजस्थान के बीच जोरदार टक्कर देखने को मिली। दोनों टीमों के खिलाड़ियों ने दबाव में भी बेहतरीन प्रदर्शन किया, लेकिन अंततः हरियाणा टीम ने शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए खिताब अपने नाम किया*। बल्लेबाजी, गेंदबाजी और फील्डिंग—तीनों में हरियाणा का दबदबा देखने को मिला।

समापन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में उपायुक्त, रोहतक सचिन गुप्ता उपस्थित रहे। कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में भाजपा हरियाणा के उपाध्यक्ष  सतीश नांदल तथा जैन एजुकेशन सोसायटी के महासचिव मनीष जैन, ने भी अपनी गरिमामयी उपस्थिति दर्ज कराई। सभी अतिथियों ने विजेता एवं उपविजेता टीमों को ट्रॉफी एवं पुरस्कार प्रदान किए तथा खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया।

खिलाड़ियों को उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए सम्मानित किया गया तथा प्लेयर ऑफ द मैच फलक साहनी को और प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट परी को दिया गया।

जिला शिक्षा अधिकारी मनजीत मलिक ने टूर्नामेंट की सफलता का श्रेय रोहतक शिक्षा विभाग की पूरी टीम के अथक प्रयासों एवं समन्वय को दिया। उन्होंने इस आयोजन में सहयोग देने वाले सभी अधिकारियों, कोचों, निर्णायकों एवं सहयोगी स्टाफ का आभार व्यक्त किया।

इस अवसर पर SGFI ऑब्जर्वर मुक्ता बब्बर, हरियाणा शिक्षा निदेशालय के अधिकारी रविन्द्र हुड्डा, डीपीसी सुमन हुड्डा, उप जिला शिक्षा अधिकारी डॉ नरेश कुमार, उप जिला शिक्षा अधिकारी सुनीता चहल, खंड शिक्षा अधिकारी अशोक नांदल, बी ई ओ संजय हुड्डा, बी ई ओ गीता, साधना विशेष रूप से उपस्थित रहे। चैंपियनशिप हेतु बनाई गई सभी कमेटियों के कन्वीनर ने भी समापन समारोह में पूर्ण योगदान दिया।

पूरे टूर्नामेंट के सफल आयोजन में सभी ग्राउंड ऑफिशियल्स, AEO संजय हुड्डा, सभी DPE, PTI तथा आयोजन समिति का विशेष योगदान रहा।

RELATED NEWS

Most Popular