कविता.रोहतक: त्योहार नजदीक आते ही बाजारों में खरीदारों की भीड़ उमड़ने लगी है। धनतेरस, छोटी दिवाली, दिवाली, गोवर्धन पूजा और भैया दूज को लेकर लोग खरीदारी के लिए बाजारों का रुख कर रहे हैं, लेकिन त्योहारों की यह रौनक शहरवासियों के लिए परेशानी का सबब बन गई है।
शहर की सड़कें जाम से जूझ रही हैं और बाजारों में भीड़ के चलते पैदल निकलना तक मुश्किल हो गया है। सबसे बड़ी परेशानी पार्किंग व्यवस्था को लेकर है। बाजारों के आसपास पर्याप्त पार्किंग की सुविधा नहीं होने के कारण लोग अपने वाहन सड़कों के किनारे और दुकानों के सामने खड़े कर रहे हैं। इससे पहले से संकरी सड़कों पर वाहनों की आवाजाही बाधित हो रही है और जाम की स्थिति बन रही है।
पार्किंग के लिए जगह नहीं, सड़क पर खड़े हो रहे वाहन
त्योहारी खरीदारी के लिए बाजार पहुंचने वाले लोगों को सबसे पहले वाहन खड़ा करने की समस्या से जूझना पड़ रहा है। पार्किंग स्थल उपलब्ध नहीं होने के कारण लोग मजबूरी में सड़क किनारे वाहन खड़े कर देते हैं। इसके चलते बाजारों में वाहनों की कतारें लग जाती हैं। कई बार थोड़ी दूरी तय करने में भी काफी समय लग जाता है। दुकानदारों के सामने खड़े वाहन भी ग्राहकों के आवागमन में बाधा बन रहे हैं।
पैदल चलना भी हुआ मुश्किल
बाजारों में खरीदारों की भीड़ इतनी बढ़ गई है कि पैदल चलने वालों को भी रास्ता नहीं मिल रहा। दुकानों के बाहर सामान और सड़क किनारे खड़े वाहनों के बीच से निकलना लोगों के लिए चुनौती बन गया है। परिवार के साथ खरीदारी करने आए लोगों, बुजुर्गों और महिलाओं को सबसे ज्यादा परेशानी हो रही है। कई बाजारों में पैदल चलने वालों और वाहनों के लिए अलग-अलग रास्ते नहीं होने से स्थिति और बिगड़ रही है।
त्योहारी सीजन में ट्रैफिक व्यवस्था की परीक्षा
त्योहारों के दौरान बाजारों में भीड़ बढ़ना स्वाभाविक है, लेकिन यातायात और पार्किंग के इंतजामों की कमी लोगों की परेशानी बढ़ा रही है। बाजारों में ट्रैफिक नियंत्रण के लिए पर्याप्त पुलिसकर्मी नजर नहीं आने और वाहनों की बेतरतीब पार्किंग से जाम की समस्या गहरा रही है। ऐसे में खरीदारी के लिए निकले लोगों का काफी समय रास्तों में ही बर्बाद हो रहा है।
त्योहारों पर राहत की उम्मीद, प्रशासन से इंतजाम की मांग
अब धनतेरस और दिवाली पर बाजारों में भीड़ और बढ़ने की संभावना है। ऐसे में शहरवासियों और व्यापारियों की मांग है कि बाजारों के आसपास पार्किंग के लिए वैकल्पिक व्यवस्था की जाए। प्रमुख बाजारों में वाहनों की एंट्री नियंत्रित करने, ट्रैफिक पुलिस की तैनाती बढ़ाई जाए , ताकि लोग बिना जाम में फंसे त्योहारों की खरीदारी कर सकें।
शहर में त्योहारों को ध्यान में रखते हुए 6 जगह पर पार्किंग के बंदोबस्त
रोहतक पुलिस द्वारा बाजारों में खरीदारी के लिए आने वाले लोगों की सुविधा के लिए 6 स्थानों पर पार्किंग की व्यवस्था की गई है।
- महाराजा अग्रसेन पार्किंग स्थल (एलिवेटेड रोड),
- पुराना सीनियर सेकेंडरी स्कूल हुड्डा ग्राउंड पार्किग स्थल नजदीक पुरानी सब्जी मंडी
- भगत सिंह पार्किंग किला रोड, किला रोड के सभी दुकानदार व ग्राहको के लिये
- मेडिकल मोड (दाहिनी तरफ पार्किंग स्थल),
- रेलवे स्टेशन पार्किंग
- अशोक मोड़ पार्किंग

