Monday, May 20, 2024
Homeहरियाणाप्रेमी की शादी में प्रेमिका के छलके आंसू तो दुल्हन ने तोड़...

प्रेमी की शादी में प्रेमिका के छलके आंसू तो दुल्हन ने तोड़ दी शादी, बैरंग लौटी बारात

- Advertisment -
- Advertisment -

नारनौल। प्रेमी की शादी हो रही थी और प्रेमिका उसकी शादी में रिश्तेदार बन कर आई थी लेकिन दुल्हन पक्ष को प्रेमिका के छलकते आंसू दिख गए जिसके बाद ऐसा मामला बिगड़ा कि बारात को बिना दुल्हन के लौटना पड़ा। जी हां ! नारनौल के सिंघाना रोड स्थित एक मैरिज गार्डन में हो रही शादी फेरों से पहले ही टूट गई। जब स्टेज पर वरमाला का कार्यक्रम चल रहा था, तब काली साड़ी में लिपटी प्रेमिका अपने आंसू बहाने लगी। इसे देख दूल्हा भी अपने आंसू नहीं रोक पाया और इसी सीन को फेरों के लिए तैयार खड़ी दुल्हन ने भांप लिया। इसकी गंभीरता को समझते हुए दूल्हे के साथ शादी करने एवं साथ जाने से साफ इंकार कर दिया। इस कारण दादरी से आई बारात बगैर दुल्हन के बैरंग लौट गई।

बिना जांच पड़ताल बेटी का कर दिया था रिश्ता

जानकारी मुताबिक शहर के एक मोहल्ले में चरखी दादरी से बारात आई थी। दूल्हे का पिता मूल रूप से महेंद्रगढ़ के पास एक गांव का है और फिलहाल वह अपने परिवार समेत दादरी रहता है। अब उन्होंने गुरुग्राम में ज्वैलरी का काम किया हुआ है। उनका बेटा इसी दुकान को संभालता है। दुल्हन के पिता ने बताया कि दूल्हे के दादा का ससुराल यहीं नारनौल में है। इसके अलावा इनके परिवार की और भी कई रिश्तेदारियां नारनौल में ही हैं। बिचौलिया जब उनके पास रिश्ता लेकर आया तो उन्होंने बगैर किसी ज्यादा जांच-पड़ताल के अपनी बेटी की सगाई अगस्त माह में कर दी। हालांकि बिचौलिया अब इस दुनिया में नहीं है। लड़की के पिता ने बताया कि उन्होंने सगाई भी धूमधाम से की थी और काफी पैसा खर्च किया था।

दूल्हे ने मांगी रोलेक्स घड़ी, गाड़ी और सोने का कड़ा

दुल्हन के पिता ने बताया कि उनकी बेटी की सगाई सात-आठ माह रही और फिर लड़का-लड़की ही नहीं, परिवार के अन्य लोग माता-पिता भी आपस में फोन पर बात करने लगे थे। अब लग्न से पहले लड़के ने उसकी बेटी से कोई साधारण घड़ी देने की बजाए विदेशी रोलेक्सी घड़ी, गाड़ी तथा सोने का कड़ा देने की डिमांड की। यह डिमांड पूरी करने की बजाए उन्होंने 11 लाख रुपए कैश एवं सोने के काफी जेवरात व अन्य सामान लग्न में दिए। इससे भी लड़का नाखुश था।

दूल्हे के साथ आई थी उसकी महिला मित्र

दादरी से बारात शाम को नारनौल आई थी। तब दूल्हा बारात के साथ न आने की बजाए महिला मित्र के साथ आया और नारनौल में एक होटल में रूम लेकर ठहरा था। जब शादी कार्यक्रम शुरू हो गए थे, तब दूल्हे को बार-बार फोन करके बुलाया। तब वह रात्रि करीब नौ-साढ़े नौ बजे आया। बाद में स्टेज कार्यक्रम शुरू हुआ। साथ ही विवाह की अन्य रस्में भी शुरू की गई।

काली साड़ी में लिपटी थी दूल्हे की महिला मित्र

जब बारात मैरिज गार्डन पहुंची, तब काली साड़ी में एक युवती दूल्हे के पास ही मंडराती नजर आई। पूछने पर दूल्हा पक्ष ने कहा कि उनकी मुंह बोली बेटी है। जब वरमाला हो रही थी, तब काली साड़ी पहने हुए युवती की आंखों से आंसू बह रहे थे, उसी दौरान दूल्हा बने युवक की आंखें भी छलक गई। तब दुल्हन को कुछ शक हुआ और उसने उस युवती के बारे में पूछा तो दूल्हे ने उसे बताया कि वह उसकी बहन है। इसी दौरान दुल्हन के बुआ के लड़के ने ऐसा कुछ संदिग्ध देखा था, जिसके बारे में उसने दुल्हन की मां को सबकुछ बता दिया। तब कहीं जाकर सामने आया कि वह युवती दूल्हे की गर्लफ्रेंड है। ऐसे में विवाद अचानक बढ़ गया और दुल्हन ने शादी से इंकार कर दिया। इस पर दूल्हे की गर्लफ्रेंड ने दूल्हे से कहा कि उसको छोड़ दे, वह उससे शादी करेगी।

दूल्हे के घरवालों को पहले से दोनों के रिश्ते के बारे में थी जानकारी

बताया जा रहा है कि वो युवती पेशे से डॉक्टर है और दूल्हे के माता-पिता को इनके रिलेशन के बारे में सब पहले से ही पता था। ऐसे में दूल्हे के दादा ने माफी मांगते हुए मामले को शांत कराया। हालांकि अभी दुल्हन पक्ष को उसके खर्च हुए रुपए मिलना शेष है। विवाद बढ़ने पर समाज के लोगों की रात्रि को ही पंचायत हुई तथा मिल बैठकर इज्जत की खातिर मामला पुलिस तक नहीं पहुंचाने एवं शादी में हुए खर्च की कीमत दूल्हा पक्ष द्वारा दुल्हन पक्ष को देने पर सहमति बनी। ऐसे में बिना दुल्हन के बारात बैरंग ही लौट गई।

- Advertisment -
RELATED NEWS
- Advertisment -
- Advertisment -

Most Popular