हरियाणा के चरखी दादरी में गुरुवार को सिटी थाना के सामने दो गुटों के बीच खूनी गैंगवार हो गई। दिनदहाड़े हुई ताबड़तोड़ फायरिंग ने कानून-व्यवस्था और पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए।
गोलीबारी में 4 लोग घायल हो गए, जिनमें दो की हालत गंभीर है। उन्हें रोहतक PGI रेफर किया गया। थाने के सामने हुई इस ताबड़तोड़ फायरिंग से पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई और लोग इधर-उधर भागने लगे।
घटना की सूचना मिलते ही डीएसपी कप्तान सिंह और डीएसपी मुख्यालय धीरज कुमार सिविल अस्पताल पहुंचे और घायलों से घटना की जानकारी ली। इसके बाद पुलिस ने पूरे क्षेत्र की घेराबंदी कर घटनास्थल के आसपास की सड़कें बंद कर दीं। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए कई पुलिस टीमें लगातार छापेमारी कर रही हैं।
फिलहाल पुलिस द्वारा गोलीबारी के कारणों की हर एंगल से जारी है। वहीं इस बारे में पुलिस का कहना है, पूरे मामले का जल्द खुलासा हो जाएगा। गैंगवार के पीछे के कारणों और इसमें शामिल सभी आरोपियों की पहचान की जा रही है।


