Wednesday, August 12, 2026
Homeहरियाणारोहतकनाले साफ किए, मलबा सड़क पर छोड़ा, अब बारिश करेगी सफाई का...

नाले साफ किए, मलबा सड़क पर छोड़ा, अब बारिश करेगी सफाई का हिसाब

कविता.रोहतक : शहर में जलभराव से निपटने के लिए नालों की सफाई जरूरी है, लेकिन अगर सफाई के बाद निकला मलबा नालों के मुहाने पर ही छोड़ दिया जाए तो सवाल उठना लाजिमी है कि आखिर सफाई किसके लिए और कितने दिन के लिए। नगर निगम इन दिनों बरसात के बाद नालों की सफाई में जुटा है, लेकिन सफाई के बाद निकाला गया मलबा सड़क पर ही पड़ा दिखाई दे रहा है।

यही हाल, रैनकपुरा इलाके में, गोहाना रोड, शीला बाइपास से दिल्ली बाईपास की ओर जाने वाले रास्ते पर भी नजर आ रहा है। मलबा देखकर सबसे बड़ा सवाल यही उठता है कि अगर बारिश फिर आई तो यह गंदगी जाएगी कहां। जवाब साफ है, बहता पानी इसे वापस नालों में धकेलेगा। जो नाला अभी साफ किया गया है, वही कुछ समय बाद फिर गाद, कचरे और मलबे से भर सकता है। फिर पानी की निकासी रुकेगी, सड़क पर पानी जमा होगा और शहर में जलभराव की वही पुरानी कहानी दोहराई जाएगी। नाला साफ करके उसके किनारे मलबा छोड़ देना ऐसा ही है जैसे ताला खोलकर चाबी फिर उसी ताले में छोड़ देना।

नगर निगम ने सफाई शुरू की है तो उसे आधा-अधूरा नहीं, अंजाम तक पहुंचाना होगा। वरना अगली बारिश में जब सड़कें पानी से लबालब होंगी, तब सवाल फिर वही होगा, नाले जाम क्यों हैं और जवाब शायद आज सड़क किनारे पड़ा यही मलबा दे रहा होगा।

सफाई के बाद सड़क पर छोड़ा ‘सफाई का सबूत’

नालों से गाद और कचरा निकालना सफाई अभियान का जरूरी हिस्सा है, लेकिन असली काम मलबे को मौके से उठाकर सुरक्षित स्थान पर पहुंचाना है। यहां तस्वीर कुछ उलटी दिखाई दे रही है। नाले से निकला मलबा सड़क किनारे पड़ा है और मानो बारिश का इंतजार कर रहा हो। यह स्थिति केवल शहर की सुंदरता खराब नहीं करती, बल्कि सीधे तौर पर जल निकासी व्यवस्था को नुकसान पहुंचा सकती है। सड़क पर पड़ा मलबा बारिश के पानी के साथ बहकर दोबारा नाले में पहुंचा तो सफाई का पूरा फायदा कुछ ही देर में खत्म हो सकता है।

एक बारिश और सारी मेहनत पानी में

मान लीजिए कि बारिश तेज हुई। सड़क किनारे पड़ा मलबा बहा और नाले के मुहाने तक पहुंच गया। मलबे के साथ पॉलीथिन, मिट्टी और अन्य कचरा भी नाले में गया तो पानी का रास्ता फिर संकरा हो जाएगा। नाला जाम हुआ तो पानी सड़क पर आएगा। यानी मामला सिर्फ मलबा सड़क पर पड़े रहने का नहीं है। यह उस पूरी व्यवस्था पर सवाल है जिसमें एक तरफ नाला साफ किया जा रहा है और दूसरी तरफ उसी नाले को दोबारा जाम करने का सामान उसके बाहर छोड़ दिया गया है।

RELATED NEWS
spot_img

Most Popular