Wednesday, April 2, 2025
Homeदेशब्राह्मण समाज के प्रतिनिधिमंडल ने CM सैनी से की मुलाकात, भगवान परशुराम जयंती...

ब्राह्मण समाज के प्रतिनिधिमंडल ने CM सैनी से की मुलाकात, भगवान परशुराम जयंती को सरकारी स्तर पर भव्य तरीके से मनाया जाएगा

चंडीगढ़ : हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने उनके निवास संत कबीर कुटीर पर प्रदेशभर से आए ब्राह्मण समाज के प्रतिनिधियों को संबोधित करते हुए कहा कि प्रदेश सरकार द्वारा भगवान परशुराम की जयंती को सरकारी स्तर पर बड़े भव्य तरीके से मनाया जाएगा। इसके अलावा, ब्राह्मण समाज के प्रतिनिधियों द्वारा ब्राह्मण कल्याण बोर्ड के गठन की मांग पर आश्वासन देते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि इस संबंध में समाज के प्रबुद्ध व्यक्तियों को बुलाकर विस्तार से चर्चा की जाएगी। इस मौके पर ब्राह्मण समाज के प्रतिनिधिमंडल ने समाज की मजबूत भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए मुख्यमंत्री का अभिनंदन किया।

CM सैनी ने कहा कि प्रदेश की 36 बिरादरी ने भाजपा सरकार की विकास की नीतियों पर मुहर लगाकर हरियाणा के इतिहास में पहली बार भाजपा की लगातार तीसरी बार सरकार बनाई है। लोगों के विश्वास से ही प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के भारत को विकसित राष्ट्र बनाने के संकल्प को तेजी से पूरा किया जा सकेगा। उन्होंने कहा कि लोगों ने सरकार पर जो विश्वास दिखाया है, उस विश्वास पर हम खरा उतरेंगे और हरियाणा को तीव्र गति से विकास के पथ पर आगे बढ़ाएंगे।

जनता ने विपक्ष को लगातार तीसरी बार आइना दिखाया

नायब सिंह सैनी ने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि चुनाव परिणाम से पहले ही विपक्ष के नेताओं ने सरकार बना ली थी और परिणाम आने के बाद वे ईवीएम पर दोष मढ़ने का काम कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस नेता यात्राएं निकालकर भाजपा सरकार के 10 सालों का हिसाब मांग रहे थे। लेकिन जब उनसे उनके कार्यकाल का हिसाब मांगा गया तो कोई जवाब नहीं दिया। कांग्रेस कार्यकाल के समय में एक भी सरकारी भर्ती ऐसी नहीं हुई, जो कोर्ट तक न पहुंची हो। जबकि भाजपा सरकार में गरीब घरों के बच्चे भी बिना पर्ची-खर्ची के सरकारी नौकरी हासिल कर रहे हैं।

उन्होंने कांग्रेस और आम आदमी पार्टी पर कटाक्ष करते हुए कहा कि दोनों के नेता कभी एक दूसरे को गलत बताते थे, लेकिन जब उन्होंने देखा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बड़ी मजबूती से लोगों की सेवा का कार्य कर रहे हैं, तो कांग्रेस और आम आदमी पार्टी के नेता गले मिल गए। इसके बाद विपक्ष के लोग ईवीएम को हैक करने की बातें करते हैं। जबकि उन्हें यह नहीं पता कि जनता सब समझती है, इसलिए जनता ने विपक्ष को लगातार तीसरी बार आईना दिखाया है।

मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी की सोच 36 बिरादरी को साथ लेकर विकास की राह पर आगे बढ़ने की : मोहन लाल बडौली

भाजपा प्रदेशाध्यक्ष मोहन लाल बडौली ने कहा कि नये भारत के निर्माता PM नरेंद्र मोदी ने हरियाणा की जिम्मेदारी नायब सिंह सैनी को सौंपकर जन-जन में विश्वास जगाने का काम किया है और उसी का परिणाम है कि हरियाणा में लगातार तीसरी बार भाजपा की सरकार बनी है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री की सोच 36 बिरादरी को साथ लेकर विकास की राह पर आगे बढ़ने की है और लोगों के आशीर्वाद से मुख्यमंत्री के नेतृत्व में हरियाणा विकास के मामले में नये आयाम स्थापित करेगा।

PM Modi के 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने में हरियाणा देगा अपना महत्वपूर्ण योगदान : राज्य मंत्री गौरव गौतम

इस मौके पर राज्य मंत्री गौरव गौतम ने कहा कि CM नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में हरियाणा विकास की राह पर दोगुनी गति से आगे बढ़ेगा और हमारा हरियाणा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने में अपना महत्वपूर्ण योगदान देगा। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री हर व्यक्ति की बात सुनते हैं और उसका समाधान सुनिश्चित करवाते हैं, उनकी इसी कार्यशैली से आज हरियाणावासियों का विश्वास उनके प्रति और अधिक बढ़ा है।

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री के ओएसडी भारत भूषण भारती सहित बड़ी संख्या में प्रदेशभर से ब्राह्मण समाज के प्रबुद्ध लोग उपस्थित थे।

- Advertisment -
RELATED NEWS
- Advertisment -

Most Popular