नई दिल्ली : जंतर-मंतर पर बिना अनुमति प्रदर्शन करने के आरोप में कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के नेताओं सौरव दास, आशुतोष रांका और अजिंक्य शिंदे को दिल्ली पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया।
बुधवार सुबह तीनों को SEM कोर्ट में पेश किया गया, जहां सौरव दास और आशुतोष रांका को पांच दिनों की न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। वहीं, अजिंक्य शिंदे को 5 हजार रुपये का बेल बॉन्ड भरने के बाद रिहा कर दिया गया।
बता दें मंगलवार सुबह सौरव दास, आशुतोष रांका और सीजेपी के कुछ अन्य सदस्यों को निषेधाज्ञा का कथित उल्लंघन कर क्षेत्र में प्रवेश करने के बाद हिरासत में लिया गया था।
वहीं रिहा होने के बाद CJP नेता अजिंक्य शिंदे ने केंद्र सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा, “अंग्रेजों वाली सरकार मोदी और शाह चला रहे हैं।” अजिंक्य ने आगे बताया कि CJP की बैठक होगी, जिसके बाद आगे की कार्रवाई को लेकर फैसला लिया जाएगा।
विभिन्न मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, दिल्ली पुलिस ने आरोप लगाया कि सौरव दास और आशुतोष रांका ने भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा 163 के तहत जारी आदेशों का उल्लंघन किया। पुलिस ने मजिस्ट्रेट के सामने दोनों नेताओं के पूर्व आचरण का जिक्र करने के साथ ही बेल बॉन्ड की शर्तों का उल्लंघन करने के आरोप भी लगाए।

