Sunday, May 19, 2024
Homeहरियाणारोहतकरोहतक में सीएम ने गाया गाना, कलश यात्रा में लाई मिट्टी से...

रोहतक में सीएम ने गाया गाना, कलश यात्रा में लाई मिट्टी से 75 पौधों को रोपा

- Advertisment -

सीएम मनोहर लाल ने कहा- 9 साल के केंद्र और प्रदेश भाजपा सरकार के कार्यकाल में देशभक्ति बढ़ी है। भाजपा ने देशभक्ति को बढ़ावा देने के लिए कई कार्यक्रम चलाए हैं। जिनमें से 'एक मेरी माटी मेरा देश' कार्यक्रम है।

- Advertisment -

रोहतक। रोहतक में ‘मेरी माटी-मेरा देश’ पर आधारित राज्यस्तरीय कार्यक्रम में बुधवार को सीएम मनोहर लाल बतौर मुख्य अतिथि नई अनाज मंडी के सामने स्थित सेक्टर 21 में आयोजित कार्यक्रम में पहुंचे। यहां उन्होंने मंच से “आओ बच्चों तुम्हें दिखाएं झांकी हिंदुस्तान की, इस मिट्टी से तिलक करो ये धरती है बलिदान की.. वंदे मातरम, वंदे मातरम” गाना गाया। उन्होंने कार्यक्रम में देशप्रेम की शपथ दिलाई। उन्होंने मंच से उतर कर विभिन्न स्थानों से आए 242 कलशों को प्रणाम किया। इस दौरान उन्होंने हरित वाटिका में पौधरोपण किया।। राज्यभर से हजारों लोग कार्यक्रम का हिस्सा बने। कार्यक्रम की शुरुआत सांस्कृतिक प्रस्तुति से हुई। सीएम के अलावा कई मंत्री और विधायक भी शामिल हुए।

मंच पर सजाये गए कलश

सीएम मनोहर लाल ने कहा- 9 साल के केंद्र और प्रदेश भाजपा सरकार के कार्यकाल में देशभक्ति बढ़ी है। भाजपा ने देशभक्ति को बढ़ावा देने के लिए कई कार्यक्रम चलाए हैं। जिनमें से ‘एक मेरी माटी मेरा देश’ कार्यक्रम है। जापान भी भारत के साथ ही आजाद हुआ था, लेकिन जापान के लोगों में देशभक्ति की भावना जागृत करने पर जोर दिया, लेकिन भारत इस मामले में जापान से पीछे रहा। अब 9 साल से लोगों को देशभक्ति के प्रति जागृत करने के लिए सरकार जुटी हुई है। वहीं निकाय मंत्री डॉ. कमल गुप्ता ने कहा कि पाकिस्तान और चीन के कब्जे की मिट्टी को जल्द वापस लेंगे।

CM ने प्रदेशभर से कलश में आई मिट्‌टी को अमृत वाटिका में डालकर 75 पौधों को रोपा। यह कार्यक्रम आजादी के अमृत महोत्सव के तहत कराया गया। कार्यक्रम स्थल पर सांस्कृतिक मंच पर कलाकारों ने एक से बढक़र एक बेहतर प्रस्तुति दी। यहां विभिन्न जिलों से आए 242 कलश कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण रहे। इन कलशों को मुख्य मंच के सामने आकर्षक तरीके से सजाया गया था। मुख्यमंत्री ने अमृत वाटिका में अपने हाथों से पौधरोपण भी किया। वहीं विकास एवं पंचायत मंत्री देंवेंद्र सिंह बबली ने कहा कि हर घर तिरंगा कार्यक्रम के बाद मेरी माटी मेरा देश कार्यक्रम लोगों के माटी से प्रेम को बयान कर रहा है।

जवान, किसान, पहलवान सभी माटी को पवित्र मानते हैं। इसके लिए ही हमारे जवान शहीद हुए और हमें आजादी मिली। वहीं शहरी निकाय मंत्री डॉ. कमल गुप्ता ने कहा कि माटी के लिए तन, मन, जीवन सब समर्पित है। भगवान राम ने भी अपनी मातृभूमि की माटी को स्वर्ग के समान माना था। स्वामी विवेकानंद भी अपनी माटी से प्रेम करते थे। हरियाणा में माटी तो आन बान शान है। यह हमारे अभिमान, स्वाभिमान व गौरव का प्रतीक है। इसके लिए अनगिनत लोगों ने शहादत दी। कार्यक्रम में बताया गया कि हरियाणा से सभी कलश दिल्ली जाएंगे और देश को भावनात्मक जुड़ाव में जोडे़गी।

वहीं, उपायुक्त अजय कुमार ने बताया कि हरियाणा के प्रत्येक ब्लॉक से लोग पहुंचे हैं। वहां पर पौधारोपण भी किया। पूरे पंडाल को आठ अलग-अलग सेक्टर में विभाजित किया गया है और प्रत्येक सेक्टर में नोडल अधिकारी तैनात हैं। पंडाल में आमजन के लिए छह बड़ी स्क्रीन लगाई गई हैं। कार्यक्रम में पहुंचने वाले सभी लोगों के लिए दोपहर के भोजन की व्यवस्था की गई है। पैकेट के रूप में व्यवस्थित ढंग से भोजन उपलब्ध होगा। कार्यक्रम में शहरी स्थानीय निकाय मंत्री डॉ. कमल गुप्ता, पंचायत राज मंत्री देवेंद्र सिंह बबली, सांसद डाक्टर अरविंद शर्मा, राज्य सभा रामचंद्र जांगड़ा भी मंचासीन हैं। सूचना विभाग के निदेशक डॉक्टर अमित अग्रवाल ने कार्यक्रम की रूपरेखा बताई।

- Advertisment -
RELATED NEWS
- Advertisment -
- Advertisment -

Most Popular