Wednesday, September 23, 2026
Homeहरियाणाशहीदी दिवस पर सीएम सैनी ने शहीद राव तुलाराम को किया नमन

शहीदी दिवस पर सीएम सैनी ने शहीद राव तुलाराम को किया नमन

हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने बुधवार को चंडीगढ़ में 1857 के प्रथम स्वतंत्रता संग्राम के महानायक एवं अमर शहीद राव तुलाराम जी को उनके शहीदी दिवस पर नमन करते हुए उन्हें भावपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित की। मुख्यमंत्री ने कहा कि राव तुलाराम जी ने अंग्रेजी हुकूमत के विरुद्ध संघर्ष में अदम्य साहस, वीरता और देशभक्ति का परिचय दिया। उनका जीवन और बलिदान आने वाली पीढ़ियों के लिए सदैव प्रेरणास्रोत रहेगा।

मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि राव तुलाराम जी का हरियाणा के दक्षिण-पश्चिम क्षेत्र में अंग्रेजी शासन के विरुद्ध संघर्ष में अतुलनीय योगदान रहा। उन्होंने मातृभूमि की स्वतंत्रता के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर कर दिया और 1857 के प्रथम स्वतंत्रता संग्राम में वीरता एवं नेतृत्व का परिचय दिया।

उन्होंने कहा कि राव तुलाराम जी ने विपरीत परिस्थितियों में भी अंग्रेजी हुकूमत के सामने झुकने के बजाय स्वतंत्रता के लिए संघर्ष का मार्ग चुना। उनका त्याग, साहस और राष्ट्र के प्रति समर्पण हम सभी को देशहित में कार्य करने की प्रेरणा देता है।

श्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि राव तुलाराम जी की वीरगाथा हरियाणा के गौरवशाली इतिहास का महत्वपूर्ण अध्याय है। उनका बलिदान राष्ट्र की स्वतंत्रता के लिए संघर्ष करने वाले असंख्य वीरों की स्मृति को जीवंत रखता है। उनकी वीरगाथा सदैव हमारे हृदय में राष्ट्रभक्ति की लौ प्रज्वलित करती रहेगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि युवा पीढ़ी को राव तुलाराम जी जैसे महान स्वतंत्रता सेनानियों के जीवन, संघर्ष और आदर्शों से प्रेरणा लेकर राष्ट्र निर्माण में अपना योगदान देना चाहिए। उनके आदर्श हमें देश की एकता, अखंडता और सम्मान की रक्षा के लिए सदैव प्रेरित करते रहेंगे।

RELATED NEWS

Most Popular