हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने पंजाब की आम आदमी पार्टी सरकार को जनता से किए गए वादों को पूरा न करने पर घेरते हुए कहा कि आप पार्टी ने पंजाब की जनता से नशा खत्म करने, युवाओं को रोजगार देने, किसानों की फसल खरीदने और महिलाओं को आर्थिक सहायता देने के बड़े-बड़े वादे किए गए थे, लेकिन 5 साल होने के बाद भी इन्होंने वादे पूरे नहीं किए। आप पार्टी ने महिलाओं, किसानों, गरीबों के साथ धोखा किया, यह धोखेबाज सरकार है।
मुख्यमंत्री सैनी सोमवार को पंजाब के फाजिल्का जिले के सितो में आयोजित नशा विरोधी यात्रा— नशा मुक्त पंजाब कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे।
नायब सिंह सैनी ने कहा कि आम आदमी पार्टी ने सत्ता में आने से पहले बड़े—बड़े वादे किए थे कि नशे को खत्म करेंगे, युवाओं को रोजगार देने का काम करेंगे, पंजाब को रंगला पंजाब बनाने का काम करेंगे। लेकिन बड़े दुख की बात है कि यह सिर्फ वोट लेने के लिए कही गई बातें थी। आज पंजाब की जनता बताए कि पंजाब में नशा बढ़ा है या घटा है। हकीकत ये है कि पंजाब में चार गुणा नशा बढ़ा है, चार गुणा पंजाब पर कर्ज बढ़ गया है, यह सोचने की बात है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सोशल मीडिया पर एक वीडियो देख रहा था, जिसमें भगवंत मान कह रहे थे कि पहले कुछ लोग बोलते थे कि इन्हें एक्सपीरियंस नहीं है काम का, लेकिन अब हमें एक्सपीरियंस हो गया है। श्री नायब सिंह सैनी भगवंत मान पर कटाक्ष करते हुए कहा कि मान साहब आपको एक्सपीरियंस हो गया है नशे को बढ़ाने का, नशे में युवाओं को फंसाने का, प्रदेश में भ्रष्टाचार को बढ़ाने का, कैसे पैसा लूटना है, कहां से लूटना है, फिरोतियों का पैसा कौन मांगता है, ये एक्सपीरियंस आप पार्टी की सरकार को हो गया है।
राज्य सरकार की नाकामी ने पंजाब को नशे की आग में धकेलने का काम किया
मुख्यमंत्री ने कहा कि आज युवाओं को बचाने और उन्हें संभालना एक चुनौती है। पंजाब जो कभी अपने शूरवीरों के लिए और कुश्ती-कबड्डी के लिए पूरे देश का गौरव होता था, उसे एक गहरी साजिश और राज्य सरकार की नाकामी के कारण नशे की आग में धकेलने का काम किया गया। आम आदमी पार्टी की सरकार ने पंजाब के लोगों की भावनाओं के साथ मजाक किया है। ये सरकार माफ करने लायक नहीं है।
सैनी ने कहा कि कांग्रेस ने भी ये कहा था कि नशे को खत्म करेंगे, भ्रष्टाचार को खत्म करेंगे, रोजगार देंगे, लेकिन कांग्रेस राज में भी पंजाब में नशा बढ़ा, नौकरी भी नहीं लगी। कांग्रेस ने जो बातें कही थी, उनको कभी पूरा नहीं किया। दूसरी तरफ, चुनावों से पहले अरविंद केजरीवाल मंच से कहते थे कि हम ईमानदार हैं, हमारी पार्टी कट्टर ईमानदार है। 3 से 6 महीने में नशा खत्म करेंगे, युवाओं को रोजगार देंगे, किसानों की फसल को एमएसपी पर खरीदने का काम करेंगे, 3 लाख रोजगार देने का काम करेंगे। लेकिन वास्तविकता सब जानते हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान, अरविंद केजरीवाल और मनीष सिसोदिया के साथ मंच पर बैठकर पंजाब के युवाओं को ये बताएं कि कितने युवाओं को रोजगार देने का काम किया, नशे को खत्म करने के लिए क्या किया। परन्तु ये लोग सिर्फ चुटकुले मारना ही जानते हैं, ये काम नहीं करते।
मुख्यमंत्री ने कहा कि भगवंत मान ने तारीखों पर तारीखें दी कि हम नशा खत्म कर देंगे, लेकिन कुछ नहीं किया। अब एक नया ड्रामा खड़ा करके कहने लगे हैं कि युद्ध नशे के विरुद्ध। ये पंजाब के लोगों के पैसे टीवी पर इश्तिहार देकर नशे को खत्म करना चाहते हैं, लेकिन धरातल पर नशे को बढ़ाने का काम कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि मान साहब की एक वीडियो सुन रहा था, जिसमें वो कह रहे थे कि हमारी सरकार ने 71 हजार जो नशे का कारोबार करते हैं, उनकी गिरफ्तारी की है। मान साहब ये बताएं कि पंजाब की जेलों में मात्र 35 हजार लोग ही आ सकते हैं, जबकि ये कह रहे हैं कि 71 हजार गिरफ्तारियां की। ये पंजाब के लोगों के सामने झूठ बोल रहे हैं और अपनी कमियों को छुपा कर फिर से वोट लेने की फिराक में हैं।
हरियाणा आगे बढ़ रहा, पंजाब पीछे क्यों रह गया ?
मुख्यमंत्री ने कहा कि हरियाणा और पंजाब का रिश्ता छोटे-बड़े भाई का है, लेकिन आज दोनों राज्यों की विकास यात्रा में अंतर स्पष्ट दिखाई देता है। प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में हरियाणा डबल इंजन सरकार के माध्यम से तेजी से आगे बढ़ रहा है, जबकि पंजाब पीछे रह गया है।
सैनी ने कहा कि कांग्रेस के पास आज कोई मुद्दा नहीं है। वहीं, आम आदमी पार्टी के नेताओं से भी ये पूछा जाना चाहिए कि चुनाव के समय जारी किया गया उनका घोषणा पत्र कहां है और उसमें किए गए वादों में से कितने पूरे हुए हैं। इसके विपरीत भाजपा सरकार ने हरियाणा में 217 संकल्प लिए और पहले ही वर्ष में 70 संकल्प पूरे कर दिए, जबकि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सरकार अपने संकल्पों को धरातल पर उतारने के लिए निरंतर काम कर रही है।
पंजाब की सरकार “आम आदमी” की नहीं, बल्कि “खास आदमी” की
मुख्यमंत्री सैनी ने पंजाब में एक्साइज इंस्पेक्टर भर्ती प्रक्रिया को लेकर उठ रहे सवालों का उल्लेख करते हुए कहा कि पंजाब में विधायक और मंत्रियों के इई—गिर्द घूमने वाले, उनके रिश्तेदारों के बच्चे एक्साइज इंस्पेक्टर लग गए। ऐसे बच्चे एक्साइज इंस्पेक्टर लगे, जिन्होंने दो फॉर्म भरे, दो केंद्रों पर एक साथ उनका एग्जाम हुआ और वे दोनों परीक्षा केंद्रों पर पास भी हो गए और दोनों केंद्रों से एक्साइज इंस्पेक्टर लगे, ये हाल पंजाब में सरकारी भर्तियों का है।
मुख्यमंत्री ने निशाना साधते हुए कहा कि आम आदमी पार्टी की सरकार ने आम आदमी के साथ धोखा किया है। ये “आम आदमी” नहीं है, बल्कि “खास आदमी” है, ये पंजाब की जनता को समझना चाहिए।
उन्होंने कहा कि हरियाणा में पिछले वर्षों के दौरान दो लाख से अधिक युवाओं को बिना पर्ची-बिना खर्ची सरकारी नौकरी दी गई है। हाल ही में आए एक भर्ती परिणाम में अकेले पुनहाना क्षेत्र के 29 युवाओं के चयन का उदाहरण देते हुए उन्होंने कहा कि किसी युवा को नौकरी पाने के लिए किसी राजनीतिक व्यक्ति की सिफारिश या पैसे की आवश्यकता नहीं पड़ी। यही सुशासन और पारदर्शी भर्ती व्यवस्था का प्रमाण है।
पंजाब में भाजपा सरकार बनी तो नशे पर होगी निर्णायक कार्रवाई
मुख्यमंत्री सैनी ने कहा कि पंजाब में भाजपा की सरकार बनने के बाद युवाओं को नशे की गिरफ्त में धकेलने वाले के खिलाफ कड़ी कार्रवाई होगी और किसी को भी पंजाब के युवाओं का भविष्य खराब करने की अनुमति नहीं दी जाएगी। उन्होंने कहा कि युवाओं को सकारात्मक दिशा से जोड़ने के लिए हरियाणा में मैराथन, साइक्लोथॉन और राहगीरी जैसे कार्यक्रमों के माध्यम से लाखों युवाओं को जोड़ा जा रहा है। उन्होंने कहा कि युवा जागरूक और स्वस्थ रहेंगे तो नशे जैसी बुराइयों के खिलाफ लड़ाई और मजबूत होगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि विकास की गारंटी भाजपा की है, नशे के खिलाफ निर्णायक कार्रवाई की गारंटी भाजपा की है और पंजाब के युवाओं को सुरक्षित भविष्य तथा रोजगार देने की गारंटी भाजपा की है। उन्होंने पंजाब की जनता से आह्वान किया कि आने वाले समय में प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भाजपा को मजबूत करें। उन्होंने विश्वास दिलाया कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में जो काम हरियाणा में पूरे किए हैं, वे सारे काम पंजाब में भी करेंगे और पंजाब के किसी व्यक्ति को किसी प्रकार की दिक्कत नहीं आने देंगे।


