रोहतक पुलिस की टीम ने गांव बनियानी निवासी विक्रम की हत्या की वारदात में शामिल रहे तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। आरोपियो को पेश अदालत किया गया है। अदालत के आदेश पर आरोपियों को 1 दिन के पुलिस रिमांड पर हासिल किया गया है। मामले की गहनता से जांच की जा रही है।
प्रभारी थाना कलानौर निरीक्षक सतपाल सिंह ने बताया कि 5 मार्च को साहिल निवासी बनियानी की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि 4 मार्च को साहिल अपने दोस्त सतीश के साथ मोटरसाइकिल पर सवार होकर पटवापुर की तरफ से होली खेल के वापस आ रहे थे। रास्ते में भगवान दास कंपनी के पास रास्ते में निशांत अपनी मोटरसाइकिल खडे़ किए हुए था। साहिल ने मोटरसाइकिल को हटाने कि लिए कहा तो निशांत, उसके परिवार व अन्य युवकों ने गाली गलौज कर साहिल के साथ मारपीट शुरू कर दी। साहिल को छुड़वाने के लिए आए गांव के उसके साथी विक्रम व बंटी के साथ में भी युवकों ने लाठी डंडे आदि से मारपीट शुरू कर जान से मारने की धमकी दी। घायल अवस्था में सभी को इलाज के लिए हॉस्पिटल में दाखिल कराया गया। इलाज के दौरान 6 मार्च को विक्रम पुत्र नरेश निवासी गॉव बनियानी की मौत हो गई। मामले की जांच पीएसआई आशीष द्वारा अमल में लाई गई। मामले में हत्या की धारा जोड़ी गई। 10 मार्च को आरोपी राहुल पुत्र बलजीत सुधीर पुत्र बलजीत व मनन पुत्र जयबीर निवासीगण गांव बनियानी को गिरफ्तार किया गया है। वारदात में शामिल रहे महिला समेत 7 आरोपियों को पहले काबू किया जा चुका है।

