रोहतक में घरेलू गैस सिलेंडर को लेकर लोग काफी परेशान दिखाई दे रहे है। गैस एजेंसियों के बाहर लोगों की भीड़ उमड़ रही है। बुधवार को सुबह से जगह-जगह लोग लंबी कतारों में खड़े हुए नजर आए । लोगों का कहना बुकिंग होने के बावजूद उन्हें सिलेंडर मिलने में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
उपायुक्त सचिन गुप्ता ने खाद्य आपूर्ति एवं नियंत्रक कार्यालय के अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे जिला में घरेलू गैस की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए सभी आवश्यक कदम उठाएं। उन्होंने विभाग के माध्यम से कहा कि जिला में घरेलू गैस पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध है।उन्होंने अधिकारियों को सख्त निर्देश देते हुए कहा कि घरेलू गैस की कालाबाजारी करने वालों की निगरानी की जाये। यदि इस संदर्भ में किसी गैस एजेंसी के खिलाफ कोई शिकायत प्राप्त होती है तो तुरंत कार्रवाई करें।
उपायुक्त सचिन गुप्ता के निर्देशानुसार जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जिले में गैस की किसी प्रकार की कमी नहीं है। जिले में सभी गैस एजेंसियों के पास एलपीजी सिलेंडरों का पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है और उपभोक्ताओं को नियमित रूप से गैस की आपूर्ति की जा रही है। उपायुक्त के निर्देशानुसार बुधवार को जिला खाद्य एवं पूर्ति नियंत्रक कार्यलय में जिले में कार्यरत गैस एजेंसियों की बैठक आयोजित की गई। बैठक में गैस एजेंसियों के संचालकों को निर्देश दिए गए कि गैस वितरण व्यवस्था को सुचारू रूप से संचालित किया जाए तथा उपभोक्ताओं को समय पर गैस उपलब्ध करवाई जाए। साथ ही गैस वितरण से संबंधित कार्यों की जिला प्रशासन द्वारा लगातार निगरानी भी की जा रही है।
जिला प्रशासन ने आमजन को यह भी जानकारी दी है कि गैस कंपनियों के नियमों के अनुसार कोई भी उपभोक्ता अपने गैस कनेक्शन पर 25 दिनों के बाद दूसरा गैस सिलेंडर बुक करवा सकता है। इसलिए नागरिक किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें और धैर्य बनाए रखें।
उपभोक्ताओं से अपील की गई है कि वे अपनी गैस की कॉपी या कनेक्शन किसी अन्य व्यक्ति को सिलेंडर प्राप्त करने के लिए न दें और गैस से संबंधित किसी भी समस्या के समाधान के लिए कार्यालय जिला खाद्य एवं पूर्ति नियंत्रक, रोहतक के दूरभाष नंबर 01262-269895 पर संपर्क कर सकते हैं।
उपायुक्त सचिन गुप्ता ने कहा कि जिला प्रशासन आमजन को आवश्यक वस्तुओं की सुचारू आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए पूरी तरह सतर्क है और किसी भी प्रकार की अनियमितता पाए जाने पर संबंधित के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

